Cyber Crime: झारखंड के देवघर जिले में पुलिस ने जंगल के बीच एक फर्जी कस्टमर केयर कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है, जो साइबर अपराधियों के गिरोह द्वारा चलाया जा रहा था। विशेष अभियान के तहत मंगलवार को की गई छापेमारी में पुलिस ने 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह इंटरनेट पर फर्जी नंबर डालकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।
जंगल में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर
देवघर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरौल थाना क्षेत्र के सरहैता गांव के पास स्थित जंगल में साइबर अपराधी एक फर्जी कस्टमर केयर सेवा चला रहे थे। इसके बाद साइबर थाना और पथरौल थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया।
Cyber Crime: गिरफ्तार आरोपितों से हुई बरामदगी
पुलिस ने मौके से 11 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और 1.01 लाख रुपये नकद बरामद किए। नकदी नीरज कुमार दास के पास से मिली। पुलिस का अनुमान है कि ये पैसे हाल की साइबर ठगी से जुड़े हो सकते हैं।
ठगी के तरीके और गिरफ्तारियां
आरोपित गूगल सर्च पर विभिन्न कंपनियों और डिजिटल भुगतान प्लेटफार्म के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर देते थे। जब ग्राहक इन नंबरों पर कॉल करते थे, तो उनका बैंक खाता, ओटीपी, या अन्य गोपनीय जानकारी चुरा ली जाती थी। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ साइबर ठगी की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच में गिरोह के अन्य सदस्य और नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।






