T20 World Cup 2026: क्रिकेट के दीवानों के लिए गुरुवार, 5 मार्च की शाम बेहद खास होने वाली है। T20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में दुनिया की दो दिग्गज टीमें, भारत और इंग्लैंड मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में टकराएंगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम जहां अपने खिताब को बचाने के इरादे से उतरेगी, वहीं हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली इंग्लिश टीम पिछले साल के जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश करेगी। गौरतलब है कि इस जंग की विजेता टीम फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी, जिसने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी है।
All roads lead to the iconic Wankhede Stadium 🛣️🏟️
The semi-final beckons for #TeamIndia 🇮🇳#T20WorldCup | #MenInBlue | #ENGvIND pic.twitter.com/lMnfegdjWg
— BCCI (@BCCI) March 4, 2026
T20 World Cup 2026: सेमीफाइनल की अनोखी हैट्रिक और पुरानी अदावत
क्रिकेट इतिहास में यह लगातार तीसरी बार है जब भारत और इंग्लैंड की टीमें T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने खड़ी हैं। साल 2022 में एडिलेड के मैदान पर इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराकर करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ा था। इसके ठीक दो साल बाद 2024 में गयाना की धरती पर टीम इंडिया ने हिसाब बराबर करते हुए इंग्लैंड को बाहर का रास्ता दिखाया और फिर वर्ल्ड चैंपियन बनी। अब 2026 में मुंबई का मैदान इस ‘ट्रिलॉजी’ का गवाह बनेगा, जिससे इस मुकाबले की उत्तेजना सातवें आसमान पर पहुंच गई है।
T20 World Cup 2026: सुपर 8 की हार से सेमीफाइनल की हुंकार तक
भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट में सफर किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं रहा है। सुपर 8 के पहले ही मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार ने टीम की उम्मीदों को झटका दिया था, लेकिन इसके बाद सूर्या की कप्तानी में टीम ने जबरदस्त वापसी की। खिलाड़ियों ने अपनी लय वापस पा ली है और अब टीम पूरी तरह से एकजुट होकर फाइनल की दहलीज पर खड़ी है। भारत के लिए अच्छी बात यह है कि उन्होंने अपना शुरुआती मैच इसी मैदान पर अमेरिका के खिलाफ खेला था, जिससे उन्हें यहाँ की परिस्थितियों का बेहतर अंदाजा है।
ब्रूक की चुनौती और वानखेड़े की पिच का मिजाज
इंग्लैंड की टीम इस बार पूरी तरह बदली हुई नजर आ रही है। हैरी ब्रूक और विल जैक्स जैसे युवा बल्लेबाजों ने मुश्किल वक्त में टीम की नैया पार लगाई है, जबकि ऑलराउंडर सैम करन अपनी धारदार गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी से गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। पिच की बात करें तो वानखेड़े में अब तक दो अलग तरह के मैच हुए हैं। जहाँ एक तरफ वेस्टइंडीज ने 196 रनों का सफल बचाव किया, वहीं इटली जैसी छोटी टीम ने नेपाल को 123 रनों पर समेट दिया। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि पिच बल्लेबाजों की मददगार होगी या गेंदबाजों की।
आंकड़ों के आईने में टीम इंडिया का दबदबा
इतिहास के पन्नों को पलटें तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 27 T20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें से 17 बार भारत और 12 बार इंग्लैंड विजयी रहा है। अगर सिर्फ भारतीय सरजमीं की बात करें तो 14 मैचों में से 10 में टीम इंडिया ने जीत का परचम लहराया है। T20 वर्ल्ड कप के 5 मुकाबलों में भी भारत 3-2 से आगे है। पिछले पांच मैचों में से चार में भारत ने इंग्लैंड को धूल चटाई है, जो टीम इंडिया के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए काफी है।
यह भी पढ़ें…क्या नीतीश कुमार थामेंगे दिल्ली की राह? भाजपा के मिशन बिहार की पूरी इनसाइड स्टोरी






