Asif Raza: अमेरिका में एक बड़े आतंकी षड्यंत्र का खुलासा हुआ है। पाकिस्तानी नागरिक आसिफ रजा मर्चेंट को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य बड़े अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में दोषी ठहराया गया है। यह मामला ईरान से जुड़े कथित नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है।अमेरिकी अदालत में हुई सुनवाई के बाद यह स्पष्ट हुआ कि इस साजिश का उद्देश्य 2020 में मारे गए ईरानी कुद्स फोर्स कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना था।
ब्रुकलिन कोर्ट में दोषी करार, हो सकती है उम्रकैद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 48 वर्षीय आसिफ रजा मर्चेंट को शुक्रवार को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित संघीय अदालत की जूरी ने दोषी करार दिया। उस पर हत्या के लिए सुपारी देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप साबित हुआ है।अमेरिकी कानून के तहत उसे आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पामेला बोंडी ने कहा कि मर्चेंट अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की योजना के साथ आया था।
Asif Raza: IRGC से जुड़ा होने का दावा
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, आसिफ रजा मर्चेंट ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) से प्रशिक्षित सदस्य है। जांच के दौरान उसने स्वीकार किया कि 2024 में उसे ईरान से इस मिशन के लिए अमेरिका भेजा गया था।मर्चेंट के अनुसार, संभावित निशानों में डोनाल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत निक्की हेली जैसे बड़े नेता शामिल थे। हालांकि उसने यह भी कहा कि उसे लगता था कि मुख्य लक्ष्य ट्रंप थे।
Asif Raza: अमेरिका पहुंचकर बनाई हत्या की योजना
जांच एजेंसियों के मुताबिक आसिफ रजा मर्चेंट अप्रैल 2024 में अमेरिका पहुंचा था। जून में उसने न्यूयॉर्क में कथित हत्यारों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे असल में अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के गुप्त अधिकारी निकले।योजना को अंजाम देने से पहले ही जुलाई 2024 में उसे देश छोड़ने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
एफबीआई का बड़ा खुलासा
एफबीआई के कार्यवाहक सहायक निदेशक जेम्स बार्नेकल ने कहा कि मर्चेंट ने ईरानी शासन के निर्देश पर अमेरिकी धरती पर एक बड़े नेता या सरकारी अधिकारी की हत्या की साजिश रची थी।उन्होंने बताया कि अमेरिकी एजेंसियों की सतर्कता के कारण यह साजिश समय रहते नाकाम कर दी गई और संभावित बड़े हमले को टाल दिया गया।







