T20 world cup 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई है। साथ ही पहली बार किसी मेजबान टीम ने अपने ही देश में टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है। इससे पहले मेजबानी करने वाली कोई भी टीम यह खिताब नहीं जीत पाई थी। फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जबकि जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रनों के लिहाज से यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की सबसे बड़ी जीत भी है।
T20 world cup 2026: टीम इंडिया के तीन बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। वहीं संजू सैमसन शतक से चूक गए और उन्होंने 46 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली। ईशान किशन ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। सूर्यकुमार यादव इस मुकाबले में गोल्डन डक पर आउट हो गए, जबकि तिलक वर्मा ने 6 गेंदों में 8 रन बनाए। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। हार्दिक पांड्या ने भी 13 गेंदों में 18 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
बड़े लक्ष्य के दबाव में बिखरे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज
T20 world cup 2026: 256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत तेज रही और टिम सीफर्ट व फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े। लेकिन पहला विकेट गिरते ही कीवी टीम दबाव में आ गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन टिम सीफर्ट ने बनाए। उन्होंने 26 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 52 रन की पारी खेली। टीम के सात बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में ही आउट हो गए और 72 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। डेरिल मिचेल ने 11 गेंदों में 17 रन बनाए, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन की पारी खेली। भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट अपने नाम किए और न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 159 रन पर समेट दिया।
ये भी पढ़ें: भारत T 20 में चैंपियन बनने से 7 कदम दूर







