decision High Court: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव निरस्त कर दिया है। अदालत ने माना कि मल्होत्रा ने नामांकन दाखिल करते समय अपने खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक मामलों की जानकारी शपथपत्र में नहीं दी थी। कोर्ट के इस फैसले के बाद भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत को विजयपुर सीट से नया विधायक घोषित किया गया है।
नामांकन में आपराधिक केस छिपाने का आरोप
यह मामला भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत द्वारा दायर याचिका के बाद सामने आया। याचिका में आरोप लगाया गया था कि मुकेश मल्होत्रा ने 2024 के उपचुनाव के दौरान नामांकन पत्र में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की पूरी जानकारी नहीं दी थी।
रावत के अनुसार मल्होत्रा पर कुल छह आपराधिक मामले दर्ज थे, लेकिन उन्होंने अपने शपथपत्र में केवल दो मामलों का ही उल्लेख किया था। इस आधार पर अदालत से चुनाव रद्द करने की मांग की गई थी।
decision High Court: हाईकोर्ट ने सुनाया फैसला
मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के जस्टिस जी.एस. अहलूवालिया की एकलपीठ ने चुनाव को शून्य घोषित कर दिया। अदालत ने कहा कि उम्मीदवार के लिए नामांकन के समय सभी आपराधिक मामलों की सही जानकारी देना अनिवार्य है।
चूंकि उपचुनाव में रामनिवास रावत दूसरे स्थान पर रहे थे, इसलिए अदालत ने उन्हें विजयपुर विधानसभा सीट से विधायक घोषित कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी
मुकेश मल्होत्रा के वकील प्रदीप बिसोरिया ने बताया कि कोर्ट ने दो मामलों में जानकारी छिपाने के आधार पर चुनाव रद्द किया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की जाएगी। इसके लिए अदालत से 15 दिन की राहत मांगी गई है, ताकि इस आदेश पर अस्थायी रोक लग सके।
decision High Court: रावत बोले – जानकारी देना उम्मीदवार की जिम्मेदारी
रामनिवास रावत ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि चुनाव सुधारों के तहत उम्मीदवार के लिए नामांकन में पूरी जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मल्होत्रा ने अपने एफिडेविट में दो आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई थी, इसलिए अदालत में याचिका दायर की गई थी।
फैसले के बाद जश्न और सन्नाटा
हाईकोर्ट के फैसले के बाद विजयपुर में रामनिवास रावत के समर्थकों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। वहीं कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के निवास के बाहर सन्नाटा देखा गया।
decision High Court: राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे न्यायपालिका का महत्वपूर्ण निर्णय बताया। वहीं मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह फैसला अंतिम नहीं है और पार्टी सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी। उन्होंने कहा कि विजयपुर की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया है और पार्टी न्याय के लिए शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।
ये भी पढ़े… “टैक्स चोरी पर शिकंजा: रेस्टोरेंट्स के सर्वे में 408 करोड़ की बिक्री छिपाने का खुलासा”







