HPV vaccine in MP: मध्यप्रदेश में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन का एक टीका बेटियों को गर्भाशय और ग्रीवा कैंसर से जीवनभर की सुरक्षा देने में मददगार साबित होगा। राज्य सरकार द्वारा 14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान बड़े स्तर पर शुरू किया गया है, जिसमें करीब चार हजार रुपये मूल्य का टीका मुफ्त लगाया जा रहा है।
महिलाओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता
जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सांस्कृतिक एवं सूचना केंद्र में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माताओं और बहनों के स्वास्थ्य की चिंता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए गंभीर बीमारी है और इससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बेटियों और महिलाओं से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ उठाकर टीका अवश्य लगवाएं।
HPV vaccine in MP: 37 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जबलपुर को करीब 37 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी दी। उन्होंने 10.51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक जनपद भवन का भूमि पूजन किया। साथ ही 27.16 करोड़ रुपये की लागत से बने गीता भवन सहित तीन अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 21 स्वास्थ्य एवं उप स्वास्थ्य केंद्र और सोलर ट्रैफिक सिस्टम भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर की पहचान पूरे देश में अलग है और यहां विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

बालिकाओं और महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एचपीवी टीकाकरण पूरा कर चुकी बालिकाओं जिया सेन और अंशी विश्वकर्मा को प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके अलावा उन्होंने नेत्रहीन कन्या विद्यालय की छात्राओं से मुलाकात कर उनका सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने ‘लखपति दीदी’ योजना से जुड़ी आरती चौधरी और सीता गोंड को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक संतोष बरकड़े सहित कई जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन और बड़ी संख्या में महिलाएं व बेटियां मौजूद रहीं।
ये भी पढ़े… गुरुग्राम में बड़ा हादसा: मिट्टी का ढेर गिरा, 7 श्रमिकों की मौत; 10 मलबे में फंसे







