Kerala Story 2: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में बहुचर्चित फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ देखी और इसे समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक समरसता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
फिल्म को बताया जागरूकता का माध्यम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह फिल्म समाज में घटित हो रही संवेदनशील घटनाओं को उजागर करती है और लोगों को सोचने का अवसर देती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जागरूक बनें और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आएं।
Kerala Story 2: यूसीसी और कानूनों पर सरकार का फोकस
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता लागू की है, जो समाज में समानता और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है। इसके साथ ही राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे अवैध गतिविधियों पर रोक लगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है, न कि किसी विशेष वर्ग को निशाना बनाना।
कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सीएम स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि आयोजन सफल और सुव्यवस्थित हो सके।
ये भी पढ़ें…शिवराज सिंह चौहान बोले- ‘किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता’







