MP News: मोहन यादव ने कहा कि किसान देश के भाग्य विधाता हैं और उनकी समृद्धि ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि किसानों के परिश्रम से ही देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित होती है, इसलिए सरकार उनकी आय बढ़ाने और जीवन स्तर सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है।
किसान सम्मेलन, करोड़ों के कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री मोहन यादव दतिया जिले के भांडेर में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने करीब 62.23 करोड़ रुपये की लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें सांदीपनि विद्यालय, यात्री निवास और स्टेडियम जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।
MP News: कृषि, पशुपालन और उद्योग पर जोर
मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और कृषि आधारित उद्योगों से किसानों की आय दोगुनी की जा सकती है। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
सिंचाई और बिजली में बड़ा विस्तार
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 7.5 लाख हेक्टेयर से 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। साथ ही किसानों को बेहतर सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
MP News: केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड को राहत
मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। इससे पलायन की समस्या भी कम होगी।
पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने की योजना
सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत पशुपालन को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। इस योजना में 25 गाय पालने पर 40 लाख रुपये की इकाई में 10 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। लक्ष्य है कि प्रदेश में दूध उत्पादन को 9% से बढ़ाकर 20% तक किया जाए।
MP News: किसानों को मिलेगा बेहतर मूल्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए भावांतर भुगतान योजना लागू है। इस वर्ष गेहूं पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया गया है और भविष्य में 2700 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीद का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्कूली बच्चों को मुफ्त किताबें, ड्रेस, साइकिल और लैपटॉप दिए जा रहे हैं। साथ ही इस वर्ष से यशोदा योजना के तहत बच्चों को दूध के पैकेट भी वितरित किए जाएंगे।
किसानों से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अचानक एक किसान के खेत पहुंचे और वहां चल रही स्ट्रॉ रीपर मशीन का निरीक्षण किया। किसान ने भावुक होकर कहा कि “ऐसा लग रहा है जैसे शबरी को राम मिल गए।”

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक खेती को बढ़ावा देने और ग्रामीण विकास को तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में मध्यप्रदेश को कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में देश का नंबर-1 राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
ये भी पढ़े… DM-SP को तलब करने वाले जज की अचानक बदली जिम्मेदारी! अब हाईकोर्ट में संभालेंगे ये बड़े केस







