Meerut BSF Jawan Murder: मेरठ में BSF जवान नैन सिंह (38) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने उनके घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। नैन सिंह BSF में कांस्टेबल थे और 6 मार्च को छुट्टी पर घर आए हुए थे। घटना के समय वह घर पर सो रहे थे।
गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े और पुलिस को सूचना दी। परिवार वालों का कहना है कि नैन सिंह का गांव के एक युवक से पुराना झगड़ा चल रहा था। तीन दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। यह घटना शनिवार देर शाम, इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में हुई।

जानिए पूरा मामला
धनपुर गांव के रहने वाले गरीबदास के बेटे नैन सिंह की पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में थी। उन्हें 2 अप्रैल को ड्यूटी पर लौटना था। घटना के समय, नैन सिंह की पत्नी कोमल अपने दो बच्चों रिमी (12) और आयुष (7) के साथ मायके गई हुई थीं। मां विमला अपनी बेटी अंजू के घर मेरठ में थीं। पिता खेत पर गए हुए थे और छोटा भाई प्रदीप मोदीनगर अपने काम पर था। घर में केवल नैन सिंह और प्रदीप की पत्नी पिंकी मौजूद थे।
नैन सिंह सो रहे थे, तभी एक अज्ञात युवक घर में घुसा और उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही नैन सिंह की मौत हो गई। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसएसपी अविनाश पांडे, इंचौली थाना पुलिस और सीओ सदर देहात सुधीर सिंह मौके पर पहुंचे।

Meerut BSF Jawan Murder: गांव में गुस्सा और सुरक्षा
नैन सिंह की हत्या से धनपुर गांव के लोग गुस्से में हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और पुलिस परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुरानी रंजिश की आशंका
गांव वालों के अनुसार, नैन सिंह की गांव के महेश नामक युवक से पुरानी रंजिश चल रही थी। तीन दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। घटना के दिन नैन सिंह किसी काम से लौट रहे थे और इसी दौरान झगड़ा फिर से बढ़ गया।एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







