UP IPS Transfer: शाहजहांपुर में पुलिस विभाग में अहम प्रशासनिक बदलाव किया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी का तबादला कर उन्हें अलीगढ़ स्थित 38वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं, सौरभ दीक्षित को शाहजहांपुर का नया एसपी बनाया गया है। इससे पहले वह फिरोजाबाद में तैनात थे।
अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता
राजेश द्विवेदी ने 23 मार्च 2025 को शाहजहांपुर में एसपी का पदभार संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए कई सख्त और प्रभावी कदम उठाए। उनके नेतृत्व में पुलिस को घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के स्पष्ट निर्देश दिए जाते थे, जिससे जिले की कानून-व्यवस्था में सुधार देखा गया। उनकी प्रमुख उपलब्धियों में देशभर में चर्चित ‘होली के लाट साहब’ जुलूस का शांतिपूर्ण आयोजन शामिल है। इस आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन पहले से ही व्यापक तैयारियां करता है, और उनके कार्यकाल में यह कार्यक्रम बिना किसी अप्रिय घटना के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इसके अलावा, कटरा थाना क्षेत्र के कुख्यात स्मैक तस्कर रियाज उर्फ बाबू पडेरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई भी उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा और हाल ही में उसकी करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर उसकी नाप-जोख की प्रक्रिया भी पूरी कराई।
UP IPS Transfer: तेज-तर्रार अधिकारी सौरभ दीक्षित
अब नए एसपी के रूप में सौरभ दीक्षित से जिले में सख्त पुलिसिंग और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है। उन्हें एक तेज-तर्रार अधिकारी के रूप में जाना जाता है, जो लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हैं। ऐसे में पुलिस विभाग और आम जनता को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में शाहजहांपुर की कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
ये भी पढ़े… अब खुदेगी CM योगी की मां को अपशब्द कहने वाले मौलाना की कब्र? यूपी STF ने बिहार से दबोचा







