Bullet Train India: भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर टाइमलाइन की जानकारी दी है। इसके तहत बुलेट ट्रेन का पहला सेक्शन 2027 में शुरू करने की योजना है। शुरुआत सूरत से वापी के बीच रेल सेवा से होगी। वहीं, 2027 के मध्य में बुलेट ट्रेन के ट्रैक ट्रायल शुरू होने की उम्मीद है।
Bullet Train India: 2027 में शुरू होगा बुलेट ट्रेन का पहला रूट
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को कई चरणों में चालू किया जाएगा। इसका पहला सेक्शन गुजरात में शुरू होगा। सूरत से वापी के बीच ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद मुंबई से अहमदाबाद के बीच की यात्रा में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।
Bullet Train India: बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का कितना काम पूरा हुआ?
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। सितंबर तक 456 किलोमीटर पिलर का काम और 371 किलोमीटर पुल निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा 299 किलोमीटर के हिस्से में लगभग छह लाख नॉइज बैरियर लगाए गए हैं। वहीं, 206 किलोमीटर के पुल पर 9,300 ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (OHE) बिजली के खंभे लगाए जा चुके हैं। प्रोजेक्ट के तहत चार पहाड़ी सुरंगों की खुदाई भी पूरी हो चुकी है।
आठ बुलेट ट्रेन स्टेशनों का सिविल वर्क पूरा
रेल मंत्री के अनुसार, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के आठ स्टेशनों पर सिविल निर्माण का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल इन स्टेशनों पर आर्किटेक्चरल फिनिशिंग का काम किया जा रहा है। इसके अलावा साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन और सूरत तथा ठाणे में ट्रेन के रखरखाव केंद्रों का निर्माण भी जारी है।
समुद्र के नीचे बनेगी 7 किलोमीटर लंबी सुरंग
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की सबसे खास विशेषताओं में समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग भी शामिल है। महाराष्ट्र में इस कॉरिडोर का 21 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत होगा। इसमें से करीब 7 किलोमीटर का हिस्सा ठाणे क्रीक के नीचे समुद्र से होकर गुजरेगा।इस सुरंग के निर्माण के लिए जुलाई 2026 में विक्रोली और सावली में दो टनल बोरिंग मशीनें लगाई गई हैं। प्रत्येक मशीन का वजन 3,000 टन से अधिक और लंबाई करीब 96 मीटर है। इनके कटरहेड की ऊंचाई लगभग चार मंजिला इमारत के बराबर बताई गई है।
280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी पहली ट्रेन
भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए स्वदेशी B28 ट्रेनसेट तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) और BEML मिलकर बना रहे हैं। इस ट्रेन को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की योजना है। इसके पहले बॉडी फ्रेम का निर्माण होने के बाद स्ट्रक्चरल टेस्टिंग की जा रही है। वहीं, 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली B35 ट्रेनसेट भी आगे चलाने की योजना है। जापान की शिंकानसेन E10 ट्रेनसेट 2030 तक तैयार होने की उम्मीद है।
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में देरी पर क्या बोले रेल मंत्री?
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में देरी को लेकर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 2017 में घोषणा के बाद शुरुआती करीब ढाई साल राज्य सरकार की मंजूरी और भूमि अधिग्रहण में लग गए। इसके बाद कोरोना महामारी के कारण लगभग दो साल तक काम प्रभावित रहा। रेल मंत्री के मुताबिक, प्रोजेक्ट पर वास्तविक निर्माण कार्य 2021 में शुरू हो पाया। ऐसे में निर्माण के लिहाज से करीब पांच साल में काफी प्रगति हुई है।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन रूट पर कितने स्टेशन होंगे?
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 508 किलोमीटर है। इस रूट पर कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
1. मुंबई (बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स)
2. ठाणे
3. विरार
4. बोइसर
5. वापी
6. बिलिमोरा
7. सूरत
8. भरूच
9. वडोदरा
10. आनंद
11. अहमदाबाद (कालूपुर)
12. साबरमती
इस बुलेट ट्रेन के शुरू होने के बाद मुंबई से अहमदाबाद के बीच की यात्रा करीब दो घंटे में पूरी होने की उम्मीद है। फिलहाल इस दूरी को तय करने में लगभग 6 से 7 घंटे लगते हैं।








