Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने और संसद में बोलने से रोके जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी। यह वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें चुप कराने की कोशिश जरूर की गई है, लेकिन वे हार नहीं माने हैं।
‘मुझे खामोश किया गया, लेकिन मैं हारा नहीं हूं’
अपने संदेश में राघव चड्ढा ने पार्टी के इस फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें संसद में बोलने का अवसर मिला, उन्होंने हमेशा आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया। उनके अनुसार, संभव है कि वे ऐसे विषयों पर बात करते हों जिन पर अक्सर चर्चा नहीं होती।
उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या जनता के हित के मुद्दे उठाना कोई गलती है या अपराध है। उन्होंने यह भी पूछा कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या गलत किया है, जिसके कारण उन्हें संसद में बोलने से रोका जा रहा है।

Raghav Chadha: ‘संसद में जनता के मुद्दों की ही बात करता हूं’
राघव चड्ढा ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर यह कहा है कि उन्हें संसद में बोलने का मौका न दिया जाए। इस पर उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि आखिर कोई उनके बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा।
उन्होंने कहा कि जब भी वे संसद में बोलते हैं, तो आम लोगों की समस्याओं और जनता से जुड़े मुद्दों को ही सामने रखते हैं। उनके अनुसार, उनका मकसद हमेशा जनहित से जुड़े विषयों को उठाना रहा है।
एयरपोर्ट महंगाई से लेकर डिलीवरी राइडर्स तक के मुद्दे उठाए
अपने वीडियो में राघव चड्ढा ने बताया कि उन्होंने संसद में कई ऐसे मुद्दे उठाए जो सीधे आम आदमी से जुड़े हैं। इनमें एयरपोर्ट पर मिलने वाले महंगे खाने का मामला, ब्लिंकिट और जोमैटो जैसे प्लेटफॉर्म पर काम करने वाले राइडर्स की समस्याएं, टोल प्लाजा पर वसूली और बैंक चार्जेस जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने अपने इस वीडियो संदेश को “Silenced, Not Defeated” शीर्षक दिया और इसे सीधे आम लोगों को संबोधित किया। हालांकि वीडियो में उन्होंने पार्टी के किसी नेता या नेतृत्व का नाम लेकर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया।
Silenced, not defeated
My message to the ‘aam aadmi’
—
खामोश करवाया गया हूँ, हारा नहीं हूँ'आम आदमी’ को मेरे संदेश pic.twitter.com/poUwxsu0S3
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 3, 2026
Raghav Chadha: एक दिन पहले भी जारी किया था वीडियो
इससे एक दिन पहले, गुरुवार शाम को भी राघव चड्ढा ने एक वीडियो जारी किया था। उस वीडियो में उन्होंने संसद में उठाए गए कई जनहित से जुड़े मुद्दों की झलक दिखाई थी।
वीडियो में उन्हें पैटरनिटी लीव, मध्यम वर्ग पर बढ़ते टैक्स के बोझ, मोबाइल डेटा की सीमाएं और बैंक खातों में न्यूनतम बैलेंस से जुड़े नियमों जैसे मुद्दों पर बोलते हुए दिखाया गया था।
इसके अलावा उन्होंने उड़ानों में अतिरिक्त सामान के लिए वसूले जाने वाले चार्ज, पेपर लीक की घटनाएं और बढ़ते वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों को भी संसद में उठाया था। वीडियो के अंत में वे संसद भवन से बाहर निकलते हुए नजर आते हैं।
Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी ने किया संगठनात्मक बदलाव
इसी बीच आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को संगठन में एक बड़ा बदलाव किया। पार्टी ने राज्यसभा में अपने सांसद राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाकर यह जिम्मेदारी डॉ. अशोक मित्तल को सौंप दी। इसके लिए राज्यसभा सचिवालय को औपचारिक पत्र भी भेजा गया।
पार्टी ने सचिवालय को यह भी जानकारी दी कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय न दिया जाए। साथ ही पार्टी ने अनुरोध किया कि उनकी जगह सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का नया उपनेता नियुक्त किया जाए।
ये भी पढ़े: मालदा घेराव मामला NIA को सौंपा, चुनावी जांच के बीच अधिकारियों को बनाया बंधक, 52 लाख मामलों का निपटारा







