Home » अंतर्राष्ट्रीय » अमेरिका का सीजफायर प्लान खारिज! ईरान का 10 सूत्रीय मास्टरस्ट्रोक क्या बदल जाएगा खेल?

अमेरिका का सीजफायर प्लान खारिज! ईरान का 10 सूत्रीय मास्टरस्ट्रोक क्या बदल जाएगा खेल?

Iran vs Us War: ईरान ने अमेरिकी के 15 बिंदुओं वाले सीजफायर प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। ईरान ने साफ कहा है कि वह सिर्फ अस्थायी युद्धविराम नहीं, बल्कि संघर्ष का स्थायी समाधान चाहता है।

10 सूत्रीय योजना पेश

सरकारी एजेंसी IRNA के मुताबिक, ईरान ने इसके जवाब में 10 बिंदुओं का एक नया प्रस्ताव पेश किया है। इसमें क्षेत्रीय संघर्षों को खत्म करने, होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित आवाजाही, युद्धग्रस्त इलाकों के पुनर्निर्माण और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध हटाने जैसी मांगें शामिल हैं।

Iran vs Us War: ‘सीजफायर से समस्या हल नहीं’

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा कि केवल सीजफायर से विरोधी ताकतों को दोबारा संगठित होने का मौका मिलेगा। उन्होंने इसे अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि कोई भी समझदार व्यक्ति इसे स्वीकार नहीं करेगा।

ट्रंप ने बताया ‘अहम लेकिन नाकाफी’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के जवाब को “एक अहम कदम” बताया, लेकिन इसे पर्याप्त नहीं माना। उन्होंने संकेत दिए कि बातचीत अभी जारी रह सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने अपना 15 सूत्रीय प्रस्ताव पाकिस्तान के माध्यम से ईरान तक पहुंचाया था। हालांकि, ईरान ने इसे “जमीनी हकीकत से दूर” बताते हुए पहले ही खारिज कर दिया था।

Iran vs Us War: शांति के लिए ईरान की शर्तें

ईरान ने स्थायी शांति के लिए कई शर्तें रखी हैं। इनमें अमेरिका और इजराइल के हमलों को रोकना, भविष्य में हमले रोकने की गारंटी, युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई और पूरे पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करना शामिल है। साथ ही, होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी संप्रभुता को मान्यता देने की भी मांग की गई है।

युद्ध के बीच बढ़ा तनाव

गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिका और इजराइल द्वारा तेहरान समेत कई शहरों पर हमले किए गए थे, जिसके जवाब में ईरान ने मिसाइल और ड्रोन हमलों से जवाब दिया। इसके बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

Iran vs Us War: हालात अब भी संवेदनशील

ईरान और अमेरिका के बीच जारी इस टकराव के बीच हालात अभी भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से बातचीत के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन किसी ठोस समाधान तक पहुंचने में अभी समय लग सकता है।

ये भी पढ़े… आईपीएल 2026: गुवाहाटी में आमने-सामने होंगी राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस, जानें पिच और मौसम का हाल