Home » उत्तर प्रदेश » सोनभद्र में क्रूरता: 2 बच्चों को मुर्गा बनाकर मछली पकड़ने की दी सजा, पीठ पर रखीं ईंटें, वीडियो देख कांप जाएगी रूह

सोनभद्र में क्रूरता: 2 बच्चों को मुर्गा बनाकर मछली पकड़ने की दी सजा, पीठ पर रखीं ईंटें, वीडियो देख कांप जाएगी रूह

सोनभद्र में छड़ी लेकर बच्चों को धमकाता रहा

UP News: सोनभद्र के घोरावल थाना क्षेत्र के बकौली गांव में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। यहां एक दबंग ने तालाब में मछली पकड़ने गए दो नाबालिगों को सजा देने के नाम पर उन्हें ‘मुर्गा’ बनाकर उनकी पीठ पर ईंटें रख दीं और डंडे से धमकाता रहा।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर 12 और 13 साल के दो बच्चे गांव के तालाब में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान तालाब का पट्टा धारक बाबिल सोनकर मौके पर पहुंचा। बच्चों को देखकर वह भड़क गया और दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उसने बच्चों को पास के पेड़ के नीचे ‘मुर्गा’ बनाकर बैठाया। एक बच्चे की पीठ पर 4 ईंटें और दूसरे की पीठ पर 2 ईंटें रख दीं। करीब 20 मिनट तक दोनों बच्चों को इसी हालत में रखा गया, जबकि आरोपी हाथ में बांस की छड़ी लेकर उन्हें हिलने पर मारने की धमकी देता रहा।

दबंग ने एक बच्चे पर 4 और दूसरे बच्चे की पीठ पर 2 ईंट रखीं।

UP News: वीडियो वायरल जमकर वायरल

घटना के दौरान वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने पूरा वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद चाइल्डलाइन इंडिया फाउंडेशन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी बाबिल सोनकर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। हालांकि, बच्चों के परिजनों ने औपचारिक मुकदमा दर्ज कराने से इनकार कर दिया। वहीं मामले में किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य अमरेश पाठक ने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े… बिना गारंटी लोन, बड़े सपनों को पंख…11 साल में PM मुद्रा योजना ने बदली लाखों की किस्मत