Home » एक्सप्लनेर » किम जोंग उन के चीन दौरे की अटकलों से दक्षिण कोरिया सतर्क, जानिए क्या है पूरा मामला?

किम जोंग उन के चीन दौरे की अटकलों से दक्षिण कोरिया सतर्क, जानिए क्या है पूरा मामला?

Kim Jong Un China Visit:

Kim Jong Un China Visit: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के दिसंबर महीने की शुरुआत में चीन का दौरा करने की संभावना है। इस संभावना का जिक्र दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने किया है। उनका कहना है कि दोनों कोरिया के बीच टकराव कम करना सबसे महत्वपूर्ण है। अगर ऐसी शिखर बैठक होती है तो यह हमारे लिए अच्छी बात होगी। आगे उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया अपनी तरफ से तनाव कम करने के लिए हर संभव भूमिका निभाएगा।

Kim Jong Un China Visit: दक्षिण कोरिया क्या चाहता है?

चेओंग वा डे (राष्ट्रपति भवन) में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ली ने कहा कि उत्तर कोरिया फिलहाल दक्षिण कोरिया के साथ बातचीत नहीं करने की नीति पर चल रहा है। ऐसे में दक्षिण कोरिया की सरकार के पास सीधे हस्तक्षेप करने की ज्यादा गुंजाइश नहीं है। हालांकि, ली जे-म्युंग की सरकार ऐसा माहौल बनाने की पूरी कोशिश करेगी, जिससे दोनों कोरिया के बीच तनाव और दुश्मनी न बढ़े।

ली ने कहा कि अभी यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि किम जोंग उन चीन में शी जिनपिंग के साथ शिखर बैठक करेंगे या नहीं। लेकिन दोनों कोरिया के बीच तनाव कम करना हर हाल में जरूरी है। अगर ऐसी शिखर बैठक होती है तो यह दक्षिण कोरिया के लिए अच्छी बात होगी। उनकी सरकार दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए लगातार काम कर रही है।

Kim Jong Un China Visit: दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी क्यों है अलर्ट पर?

दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा (NIS) किम जोंग उन के संभावित चीन दौरे से जुड़े घटनाक्रमों पर करीबी नजर रख रही है। योन्हाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, खुफिया एजेंसी इस संभावित यात्रा से जुड़े घटनाक्रमों पर नजर बनाए हुए है।

इस संभावित दौरे का असर सिर्फ चीन और उत्तर कोरिया पर ही नहीं, बल्कि पूरे कोरियाई प्रायद्वीप की सुरक्षा और क्षेत्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी यह जानना चाहती है कि अगर यह दौरा होता है तो दोनों नेता किन मुद्दों पर चर्चा करेंगे। साथ ही, क्या इस शिखर बैठक से उत्तर कोरिया और अमेरिका के बीच बातचीत का कोई रास्ता निकल सकता है?

इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी किम जोंग उन के साथ बातचीत करने में रुचि दिखाई है। ऐसे में कुछ विश्लेषकों का मानना है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग उत्तर कोरिया और अमेरिका के बीच बातचीत दोबारा शुरू कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, अभी ऐसी किसी पहल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

किम जोंग उन के चीन दौरे का क्या असर हो सकता है?

अगर किम जोंग उन दिसंबर की शुरुआत में चीन का दौरा करते हैं तो इस मुलाकात पर अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान समेत कई देशों की नजर रहेगी। इस दौरान चीन और उत्तर कोरिया के बीच आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय राजनीति जैसे मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।

इसके अलावा, यह मुलाकात अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच बातचीत की संभावनाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, इसका वास्तविक असर दोनों नेताओं की बातचीत और उसके बाद होने वाले फैसलों पर निर्भर करेगा। फिलहाल किम जोंग उन के चीन दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़े- राहुल-सोनिया से मुलाकात के बाद भी नहीं बदला स्टालिन का रुख, DMK ने साफ किया फैसला