Home » उत्तर प्रदेश » कौन है DM ज्ञानेंद्र सिंह को पीटने की धमकी देने वाला शख्स? कॉल कर बोला- ‘मंडी आए तो घेरकर मारेंगे’

कौन है DM ज्ञानेंद्र सिंह को पीटने की धमकी देने वाला शख्स? कॉल कर बोला- ‘मंडी आए तो घेरकर मारेंगे’

कौन है DM ज्ञानेंद्र सिंह को पीटने की धमकी देने वाला शख्स

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को फोन पर धमकी दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब डीएम कलेक्ट्रेट सभागार में बर्ड फ्लू की रोकथाम और उससे जुड़े एहतियाती उपायों को लेकर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर रहे थे। बैठक के दौरान ही उनके सीयूजी नंबर पर एक कॉल आई, जिसे उनके आशुलिपिक ने रिसीव किया।

जिलाधिकारी को दी धमकी

बताया जा रहा है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने बातचीत के दौरान न सिर्फ जिलाधिकारी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि उन्हें खुली धमकी भी दी। आरोपी ने कहा कि यदि जिलाधिकारी पूरनपुर मंडी पहुंचे तो उन्हें घेरकर मारपीट की जाएगी। हैरानी की बात यह रही कि कॉल करने वाले ने बातचीत को रिकॉर्ड करने की चुनौती भी दी, जिससे उसकी नीयत और आक्रामकता साफ झलक रही थी।

जैसे ही इस घटना की जानकारी जिलाधिकारी को दी गई, प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि कॉल करने वाला व्यक्ति गेहूं खरीद की प्रक्रिया से नाराज था और इसी वजह से उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया।

Pilibhit News: कौन है आरोपी?

चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी ने खुद ही धमकी भरी ऑडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला और अधिक तूल पकड़ गया। ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान बलजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो पीलीभीत जिले के मुझा कला गांव का निवासी है। वह खुद को किसान यूनियन (अन्नदाता गुट) का प्रदेश सचिव बताता है। पुलिस ने उसके खिलाफ पूरनपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जबकि इस मामले में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपी द्वारा फोन पर अभद्र और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जो कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इसी बीच आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने किए पर माफी मांगता नजर आ रहा है। वीडियो में उसने कहा कि वह और उसका परिवार गेहूं बेचने को लेकर काफी तनाव में थे, जिसके कारण उससे गुस्से में आकर गलत शब्द निकल गए। घटना के बाद स्थिति को संभालने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक स्वयं पूरनपुर मंडी पहुंचे। वहां उन्होंने किसानों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और गेहूं खरीद से जुड़ी दिक्कतों के समाधान का भरोसा दिलाया।

ये भी पढ़े… वो 14 साल पुराना एक गलती… जानिए क्यों जमींदोज होगा मेरठ का सबसे बड़ा बाजार?

Leave a Comment