Noida Protest: नोएडा में सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद मंगलवार सुबह भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके। शहर के कई इलाकों में मजदूरों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला, जहां प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया। इस घटनाक्रम के चलते पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रदर्शनकारियों ने की पत्थरबाजी
मंगलवार सुबह सेक्टर-121 में बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं कई बसों और अन्य वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया। इसी तरह सेक्टर-80 में भी पत्थरबाजी की घटना सामने आई, जहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पूरे नोएडा में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर दी गई है।

सेक्टर-70 में भी मजदूरों ने प्रदर्शन किया, जहां कुछ समय के लिए प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आमना-सामना हुआ। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराने में सफलता पाई। प्रशासन की ओर से लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। मामले की एक अहम कड़ी सेक्टर-63 स्थित एक फैक्ट्री से जुड़ी है, जहां मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रमिक गेट के बाहर इकट्ठा हो गए। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री प्रबंधन ने 15 तारीख तक छुट्टी का नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद मजदूर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे थे, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि अगर उन्होंने पंचिंग नहीं की तो उनका वेतन कट सकता है। इसी चिंता के चलते वे बड़ी संख्या में फैक्ट्री के बाहर जमा हो गए।
Noida Protest: पुलिस पूरी तरह अलर्ट
स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी ने श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें वापस भेज दिया। अधिकारियों ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर विचार किया जा रहा है और वेतन को लेकर किसी तरह की कटौती नहीं की जाएगी। वहीं फैक्ट्री मैनेजमेंट ने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित करार दिया है। प्रबंधन का आरोप है कि यह विरोध प्रदर्शन एक योजना के तहत कराया गया है और इसमें तथाकथित “टूलकिट” का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, कुछ बाहरी तत्वों के शामिल होने की आशंका भी जताई गई है।

सोमवार को हुई हिंसा के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सेक्टर-6 समेत कई इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। नोएडा पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की हिंसा या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़े… राहुल गांधी बोले- ‘बाबासाहेब के विचारों पर बना है देश, रक्षा के लिए आखिरी दम तक लड़ते रहेंगे’








