Bihar Political News: बिहार के अगले मुख्यमंत्री का फैसला अब कुछ ही घंटों में होने वाला है। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक की और इसी दौरान उन्होंने इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। उनके इस्तीफे के बाद अब नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। लेकिन नया सीएम कौन होगा, इस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
दोपहर 3 बजे भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बन जाएगी। हालांकि आधिकारिक घोषणा शाम 4 बजे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की विधायक दल की बैठक में की जाएगी।
निशांत कुमार को लेकर बढ़ी चर्चा
नई सरकार और मंत्रिमंडल को लेकर स्थिति जल्द साफ होने वाली है, लेकिन इसके साथ ही मंत्रियों के नामों को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बताया जा रहा है कि कई चेहरे वही रह सकते हैं जो अभी नीतीश कुमार की सरकार में शामिल हैं। वहीं, यह भी चर्चा तेज है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे नीतीश कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। राजनीतिक गलियारों में यह भी कहा जा रहा है कि इस बार बिहार सरकार में सिर्फ एक ही डिप्टी सीएम होगा, और वह निशांत कुमार हो सकते हैं। जबकि अभी सरकार में भाजपा कोटे से दो उपमुख्यमंत्री हैं।

कुछ मंत्रियों की छुट्टी की संभावना
सूत्रों के अनुसार नई सरकार में भाजपा अपने कुछ नए चेहरों को मंत्री बना सकती है। यह भी संभावना है कि जिन मंत्रियों का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा, उन्हें हटाया जा सकता है और उनकी जगह नए लोगों को मौका दिया जाएगा। इसके अलावा नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद जो पद खाली हुआ है, उसे भी किसी प्रभावशाली नए चेहरे से भरा जा सकता है।
Bihar Political News: सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे नाम सम्राट चौधरी का माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि आज दोपहर 3 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। इसके बाद शाम 4 बजे एनडीए की बैठक में इसकी औपचारिक घोषणा होगी।खबर यह भी है कि सम्राट चौधरी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कल सुबह 11 बजे वे नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।
इस्तीफे की प्रक्रिया
लगभग 20 साल तक बिहार की राजनीति में अहम भूमिका निभाने के बाद नीतीश कुमार का यह कार्यकाल अब समाप्त होता दिख रहा है। उन्होंने आखिरी कैबिनेट बैठक में इस्तीफे का ऐलान किया और अब वे जल्द ही राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे।
राजनीतिक समीकरण और समर्थन
सम्राट चौधरी को इस रेस में आगे इसलिए माना जा रहा है क्योंकि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का भरोसा हासिल है। साथ ही वे ओबीसी के कुशवाहा समाज से आते हैं और बिहार के लव-कुश समीकरण में फिट बैठते हैं, जो नीतीश कुमार का मजबूत वोट बैंक रहा है। कुशवाहा समाज राज्य की दूसरी सबसे बड़ी जाति मानी जाती है, जो यादवों के बाद आती है।
इसके अलावा उनका संबंध राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़ा माना जाता है। राजनीतिक हलकों में यह भी कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार का भी उन्हें समर्थन प्राप्त है, क्योंकि हाल ही में उनकी यात्रा में सम्राट चौधरी लगातार उनके साथ मौजूद रहे थे।
ये भी पढ़ें…वृंदावन में कार टक्कर के बाद बवाल, थाने में महिला का आधी रात वीडियो वायरल, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल








