DELHI FIRE TREDREGY: राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके के बौद्ध विहार में बुधवार तड़के झुग्गियों में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी करीब दो साल की मासूम बच्ची शामिल है।
रात में लगी आग, मचा हड़कंप
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने की सूचना रात करीब 1:25 बजे मिली। सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। हालांकि संकरी गलियों और घनी बस्ती के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
DELHI FIRE TREDREGY: तेजी से फैली आग, नहीं मिला बचने का मौका
बताया जा रहा है कि जिस प्लॉट में आग लगी, वहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक स्क्रैप और कबाड़ जमा था। इसी के आसपास 5-6 परिवार झुग्गियां बनाकर रह रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मृतक परिवार झुग्गी से बाहर नहीं निकल सका और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तीनों की मौके पर मौत
इस हादसे में मुसीबुर (25), मुरार (23) और उनकी दो साल की बच्ची मोइमोना की जलकर मौत हो गई। आग में झुग्गियों का सारा सामान—बेड, कूलर, फ्रिज और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर राख हो गईं।

DELHI FIRE TREDREGY: दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी अजय शर्मा के अनुसार, प्लास्टिक कबाड़ में आग लगने से हादसा हुआ। मौके पर पुलिस, बिजली विभाग और अन्य एजेंसियां भी राहत व बचाव कार्य में जुटी रहीं।
जांच जारी, हर एंगल से पड़ताल
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों ने आशंका जताई है कि आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती है, जिस पर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर झुग्गी बस्तियों में सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर किया है। घनी आबादी और ज्वलनशील सामग्री के बीच रहने वाले लोगों के लिए ऐसी घटनाएं जानलेवा साबित हो रही हैं।








