Rail accident: झारखंड के बोकारो जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। गोमिया क्षेत्र के डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के चार वैगन अचानक पटरी से उतर गए। राहत की बात ये रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, कोयला लदी मालगाड़ी लोडिंग पॉइंट से पश्चिम बंगाल के मेजिया थर्मल पावर स्टेशन (MTPS) जा रही थी। ट्रेन सुबह करीब 7:26 बजे डुमरी बिहार स्टेशन से रवाना हुई थी, लेकिन महज तीन मिनट बाद यानी 7:29 बजे यार्ड लाइन नंबर 7 पर उसके चार वैगन पटरी से उतर गए। इस दौरान बोगी नंबर 7 और 8 के पास पोल संख्या DMBR/1117 भी उखड़कर वैगन के ऊपर जा गिरा, जिससे ट्रैक को नुकसान पहुंचा।
Rail accident: रेल परिचालन प्रभावित
घटना के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित हो गया है। कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि कुछ के रूट बदलने की संभावना जताई जा रही है। मौके पर स्टेशन प्रबंधन और रेलवे अधिकारी पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं।
Rail accident: तेजी से चल रहा राहत कार्य
धनबाद रेल मंडल के अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक को दुरुस्त करने और वैगनों को पटरी पर लाने का काम कर रही हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हालात को सामान्य करने में कुछ घंटों का समय लग सकता है।
हादसे की जांच शुरू
Rail accident: रेलवे ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या ट्रैक में खामी की आशंका जताई जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।
ये भी पढ़े: लखनऊ में भीषण आग: झुग्गियों में लगी आग से मचा हड़कंप, दमकल की टीमें मौके पर







