Kota Bus Accident: कोटा में एक स्लीपर बस के हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। यात्रियों के मुताबिक, बस के आगे लगे शीशे (फ्रंट मिरर) पर किसी ने पत्थर फेंका था, जिससे ड्राइवर घबरा गया और बस का संतुलन बिगड़ गया।
बस नियंत्रण खोने के बाद डिवाइडर पार करके दूसरी लेन में पहुंच गई और फिर पलट गई। बस के पलटते ही उसके कांच टूट गए, जिससे कई यात्री सड़क पर गिर पड़े।इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रॉले ने तीन यात्रियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इनमें से दो मृतक मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। यह हादसा आरकेपुरम थाना क्षेत्र में नयागांव पुलिया के पास बुधवार रात करीब 12 बजे हुआ।

अहमदाबाद से मध्य प्रदेश जा रही थी बस
पुलिस के अनुसार, यह प्राइवेट बस अहमदाबाद से ग्वालियर और भिंड की ओर जा रही थी। बस में ज्यादातर यात्री मध्य प्रदेश के ही थे।बस के पलटने के बाद कई यात्री अंदर फंस गए। उन्हें निकालने के लिए देर रात तक, करीब 2:30 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
Kota Bus Accident: ड्राइवर केबिन में बैठे लोग सड़क पर गिरे
हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में दो लोग भिंड (MP) के थे, जिनके नाम धर्मेंद्र और कृष्णा बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, ये लोग ड्राइवर केबिन में बैठे थे। बस पलटने पर केबिन का सामने का शीशा टूट गया और वे सड़क पर गिर गए। उसी समय सामने से आ रहे ट्रॉले ने उन्हें कुचल दिया।घायलों में ग्वालियर के देवेंद्र, पूनम, परी, सोमवीर और सत्यम शामिल हैं। वहीं भिंड के रामदुलारे, नवीन, नैना और पूजा को सिर और पैरों में चोट आई है। बाकी घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

घायलों ने बताया, ’बस पहले डगमगाई, फिर पलट गई’
अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि हादसे के बाद वे काफी देर तक बस में फंसे रहे। कई लोगों के पैर में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण वे खुद बाहर नहीं निकल सके। रेस्क्यू टीम ने कांच तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।
घायल यात्री देवेंद्र, जो ग्वालियर के रहने वाले हैं और अहमदाबाद में काम करते हैं, ने बताया कि वे अपने भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी और तीन बच्चों के साथ गांव जा रहे थे। अचानक बस हिलने लगी और देखते ही देखते पलट गई। उन्होंने कांच तोड़कर खुद को बाहर निकाला और फिर अपने परिवार को बाहर निकालने में मदद की।
एक अन्य यात्री पूजा ने बताया कि इस हादसे में उसके भाई कृष्णा की मौत हो गई। वह अपने भाई, दादा और भाभी के साथ सफर कर रही थी। बस दोपहर 12:30 बजे अहमदाबाद से रवाना हुई थी और सभी भिंड जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया। उसने बताया कि बस अचानक हिलने लगी और फिर पलट गई, इसके अलावा उसे कुछ याद नहीं।

हादसे के कारणों पर अलग-अलग दावे
एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर अचानक किसी जानवर के आ जाने से हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है।
वहीं, यात्रियों का कहना है कि बस के शीशे पर पत्थर फेंका गया था, जिससे ड्राइवर घबरा गया और बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। फिलहाल, दोनों ही संभावनाओं की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े… SP के फोन काटते ही बौखलाई पल्लवी पटेल, रायबरेली में बोले- ’15 दिन के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो…’








