UP News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक 20 वर्षीय युवती के साथ उसके ही परिजनों द्वारा सरेआम मारपीट की गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, युवती एक विशेष समुदाय के युवक के साथ जाने की जिद पर अड़ी हुई थी। इस बात का परिवार लंबे समय से विरोध कर रहा था। इसी मुद्दे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि परिजनों ने आपा खो दिया और युवती को गांव की सड़क पर घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती के माता-पिता और भाई उसे बाल पकड़कर सड़क पर घसीट रहे हैं और लगातार थप्पड़ व घूंसे मार रहे हैं। युवती खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आती है, लेकिन परिजन उस पर लगातार हमला करते रहते हैं। वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति युवती को बचाने के लिए आगे आता है और बीच-बचाव करता है, लेकिन कुछ ही देर बाद परिजन फिर से युवती पर टूट पड़ते हैं।

UP News: गंभीर रूप से घायल हुई युवती
इस हमले में युवती को गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल उपचार के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं इस मामले में नरैनी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम दिनेश तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… ASP अनुज चौधरी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, पिता की हत्या का आरोपी बेटा पुलिस मुठभेड़ में दबोचा








