Akhilesh Yadav: राजनीति में बढ़ती कटुता के बीच एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सोमवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल जाना।
अनुपमा जायसवाल बहराइच में एक प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन करते समय आग की चपेट में आकर झुलस गई थीं। घटना के बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया।
कैसे हुआ हादसा
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच बीजेपी ने देशभर में प्रदर्शन किया था। इसी क्रम में बहराइच में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान पुतला जलाते समय आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे अनुपमा जायसवाल का चेहरा और बाल झुलस गए।
Akhilesh Yadav: अस्पताल में मुलाकात, दिया संदेश
अस्पताल पहुंचकर अखिलेश यादव ने विधायक से मुलाकात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन मानवीय संबंधों का महत्व अलग होता है और समाज में सौहार्द बना रहना चाहिए।
Akhilesh Yadav: डॉक्टरों से भी ली जानकारी
अखिलेश यादव ने अस्पताल में डॉक्टरों से बात कर अनुपमा जायसवाल की सेहत की जानकारी ली। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कौन हैं अनुपमा जायसवाल
अनुपमा जायसवाल उत्तर प्रदेश की बहराइच सदर सीट से बीजेपी विधायक हैं और 2017 से लगातार विधायक चुनी जा रही हैं। वे राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं।
यह भी पढे़ : Noida EV: नोएडा में ईवी को बढ़ावा, 13 स्थानों पर बनेंगे बैटरी स्वैपिंग स्टेशन








