UP News: प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना प्रभारी राधे बाबू एक कथित विवादित ऑडियो को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे ऑडियो में थाना प्रभारी कथित तौर पर एक ब्राह्मण परिवार को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। विवाद बढ़ने पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी राधे बाबू को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच सीओ सदर को सौंप दी गई है।
मामला ब्राह्मण परिवार के आपसी विवाद से जुड़ा
बताया जा रहा है कि मामला महेशगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में ब्राह्मण परिवार के आपसी विवाद से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, घटना को लेकर किसी व्यक्ति ने थाना प्रभारी को फोन किया था। बातचीत के दौरान उन्होंने कथित तौर पर संबंधित परिवार और समाज विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसके बाद ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और ब्राह्मण समाज में नाराजगी फैल गई। हालांकि वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब मुख्यमंत्री से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक मर्यादित भाषा और व्यवहार की बात करते हैं, तब एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी द्वारा इस तरह की टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

UP News: थाना प्रभारी का व्यवहार विवादों में
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी राधे बाबू का व्यवहार पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है। मामले में रूपेंद्र शुक्ल ने उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जबकि राधे बाबू ने अपने बचाव में कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी समाज विशेष का अपमान करना नहीं था, बल्कि वे यह कहना चाह रहे थे कि शिक्षित ब्राह्मण समाज विवादों से दूर रहता है। लेकिन इस मामले में एसपी दीपक भूकर ने बताया कि वायरल ऑडियो उनके संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होने पर SHO को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








