Home » राष्ट्रीय » Kaziranga Accident: 12 चालान के बाद भी तेज रफ्तार में दौड़ रही थी मिनी बस, 23 लोगों की मौत

Kaziranga Accident: 12 चालान के बाद भी तेज रफ्तार में दौड़ रही थी मिनी बस, 23 लोगों की मौत

Kaziranga Accident:

Kaziranga Accident: असम के काजीरंगा में नेशनल हाईवे-715 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। यात्रियों से भरी एक मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मिनी बस के पुराने ट्रैफिक रिकॉर्ड ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस पर पहले भी तेज रफ्तार से वाहन चलाने के मामले में कई चालान काटे जा चुके थे। वाहन पर कुल 12 चालान हुए थे, जिनकी रकम करीब 38,500 रुपये थी। इनका भुगतान किया जा चुका था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अब भी बकाया था।

Kaziranga Accident: 12 चालान भरे, 4 हजार रुपये का जुर्माना अब भी बकाया

हादसे में शामिल ट्रैवलर मिनी बस का ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का पुराना रिकॉर्ड सामने आया है। वाहन पर अलग-अलग मौकों पर कुल 12 चालान काटे गए थे, जिनकी कुल रकम 38,500 रुपये बताई गई है। इन सभी चालानों का भुगतान किया जा चुका था। हालांकि, 4,000 रुपये का एक अन्य चालान अब भी पेंडिंग था। जानकारी के मुताबिक, मार्च में जोरहाट में तेज रफ्तार से वाहन चलाने के लिए 4,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इससे पहले 22 अगस्त 2025 और सितंबर में भी काजीरंगा इलाके में ओवरस्पीडिंग के लिए चालान काटे जाने की जानकारी सामने आई है। एक मामले में मिनी बस को काजीरंगा क्षेत्र में 62 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हुए पकड़ा गया था। दरअसल, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों की गति सीमा निर्धारित की गई है। ऐसे में मिनी बस के पुराने चालान सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Kaziranga Accident: आखिर कैसे हुआ इतना भयानक हादसा?

यह दुर्घटना गुरुवार को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास रंगाजान इलाके में हाथीकुली टी एस्टेट के नजदीक नेशनल हाईवे-715 पर हुई। पुलिस के मुताबिक, गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही यात्रियों से भरी मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट और आसपास के अस्पतालों में रेफर किया गया। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका के मुताबिक, शुरुआती जांच में मिनी बस की तेज रफ्तार और काजीरंगा क्षेत्र में लागू यातायात प्रतिबंधों के उल्लंघन की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई।

कंटेनर चालक ने क्या बताया?

हादसे के बाद कंटेनर चालक ने भी दुर्घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है। उसने दावा किया कि वह तेजपुर की ओर से अपनी लेन में चल रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही यात्री मिनी बस ने उसके कंटेनर को टक्कर मार दी। कंटेनर चालक के मुताबिक, मिनी बस काफी तेज रफ्तार में आ रही थी। हालांकि, यह दुर्घटना को लेकर कंटेनर चालक का पक्ष है। हादसे की वास्तविक वजह और दोनों वाहनों की भूमिका की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

23 लोगों की मौत, 20 घायल

इस भीषण सड़क हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। मृतकों में कई कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं, जो कक्षाएं खत्म होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। घायलों को सबसे पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को गोलाघाट, बोकाखाट और जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। राहत और बचाव कार्य के लिए कई एंबुलेंस लगाई गईं। फिलहाल पुलिस बस में सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या और सभी मृतकों की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने काजीरंगा सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। वहीं, कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा, जो इस इलाके के विधायक भी हैं, घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- ‘भारत माफी मांगेगा’ कहने वाले हावर्ड लटनिक की कुर्सी पर खतरा! चीन के जासूसी कांड में कैसे फंसे अमेरिकी मंत्री?