NEET Paper Leak: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र राजस्थान के जयपुर में छापा गया था, जबकि सबसे पहले इसके लीक होने के संकेत महाराष्ट्र के नासिक से मिले। इसके बाद यह पेपर देश के कई राज्यों से होते हुए राजस्थान के सीकर तक पहुंचा। मामले में सीकर के दो बड़े कोचिंग संस्थानों के नाम सामने आने से शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।
जयपुर से शुरू हुई लीक की कहानी
सूत्रों के मुताबिक, NEET UG 2026 का प्रश्नपत्र जयपुर स्थित एक प्रिंटिंग एजेंसी में तैयार किया गया। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र प्रिंटिंग के दौरान ही बाहर निकला या बाद में किसी स्तर पर इसकी सुरक्षा में सेंध लगी। फिलहाल एजेंसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन जांच का फोकस इसी कड़ी पर टिका हुआ है।
NEET Paper Leak: नासिक बना पहला लीक पॉइंट
जांच में सामने आया है कि प्रश्नपत्र सबसे पहले महाराष्ट्र के नासिक में लीक हुआ। इसके बाद संगठित नेटवर्क के जरिए यह पेपर अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाया गया। सूत्रों का दावा है कि इस नेटवर्क ने तकनीक और मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर प्रश्नपत्र को तेजी से फैलाया।
NEET Paper Leak: कई राज्यों से होते हुए सीकर पहुंचा पेपर
जांच एजेंसियों के अनुसार, नासिक से प्रश्नपत्र हरियाणा पहुंचा और वहां से केरल तथा तमिलनाडु होते हुए आखिरकार राजस्थान के सीकर तक पहुंचा। इस पूरे घटनाक्रम से यह साफ हो गया है कि पेपर लीक का नेटवर्क केवल एक राज्य तक सीमित नहीं था, बल्कि देशभर में फैला हुआ था।
सीकर के दो बड़े कोचिंग सेंटर संदेह के घेरे में
राजस्थान के शिक्षा हब सीकर का नाम सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, दो बड़े कोचिंग संस्थानों से जुड़े छात्रों के मोबाइल फोन में प्रश्नपत्र कई बार फॉरवर्ड किए जाने के प्रमाण मिले हैं। एसओजी द्वारा हिरासत में लिए गए छात्रों के मोबाइल डेटा की जांच में कई अहम डिजिटल सुराग हाथ लगे हैं।परीक्षा के बाद कई अभ्यर्थियों ने NTA को शिकायत भेजी थी कि कुछ छात्रों के पास परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र मौजूद था। इन शिकायतों के बाद खुफिया एजेंसी IB ने राजस्थान सरकार को इनपुट दिया। इसके आधार पर राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने जांच शुरू की और अब यह मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया गया है।पेपर लीक की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। इस निर्णय ने लाखों छात्रों और अभिभावकों को झटका दिया है, जिन्होंने इस परीक्षा के लिए वर्षों तक मेहनत की थी।
CBI जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे
अब पूरे देश की नजर CBI जांच पर टिकी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई बड़े नामों, कोचिंग संस्थानों और बिचौलियों की भूमिका उजागर हो सकती है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है और पेपर लीक का असली खेल किसने रचा।शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल NEET Paper Leak 2026 ने देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जयपुर से शुरू होकर नासिक और सीकर तक फैले इस नेटवर्क ने लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य पर अनिश्चितता की तलवार लटका दी है। अब सभी को उम्मीद है कि CBI जांच से सच सामने आएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़े: मेरे पापा सब्ज़ी बेचते हैं… NEET पेपर लीक की खबरों के बीच छात्र का छलका दर्द बोला- हमारा साल बर्बाद हो जाएगा








