Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत गोरखपुर को एक ऐसी सौगात देने जा रहे हैं, जो शहर की पहचान को नई ऊंचाई पर पहुंचा देगी। 16 मई को मुख्यमंत्री गोरखपुर के पहले और उत्तर प्रदेश के चौथे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। यह विश्वस्तरीय स्टेडियम न केवल खेल के क्षेत्र में गोरखपुर को नई पहचान देगा, बल्कि रोजगार, व्यापार और पर्यटन के लिए भी बड़े अवसर पैदा करेगा।
392.94 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा वर्ल्ड क्लास स्टेडियम
गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर स्थित ताल नदोर में बनने वाला यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 392.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। निर्माण कार्य के लिए पहली किस्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं। साइट पर एलाइनमेंट, मिट्टी भराई, लेवलिंग और भारी मशीनों की तैनाती का काम शुरू हो चुका है।करीब 46 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह आधुनिक स्टेडियम 30,000 दर्शकों की क्षमता वाला होगा। इसे ग्राउंड प्लस टू फ्लोर मॉडल पर तैयार किया जाएगा।
स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए 7 अंतरराष्ट्रीय स्तर की मैच पिच और 4 प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में लगभग 14,490-14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। नॉर्थ पैवेलियन मीडिया के लिए और साउथ पैवेलियन वीआईपी मेहमानों के लिए आरक्षित रहेगा।
Uttar Pradesh: रात में भी होंगे इंटरनेशनल मुकाबले
स्टेडियम में चार हाई मास्ट फ्लडलाइट्स लगाई जाएंगी, जिससे डे-नाइट अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन संभव होगा। क्रिकेट के अलावा यहां बड़े सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे।2027 तक पूरा होगा निर्माण लोक निर्माण विभाग को इस स्टेडियम का निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। परियोजना पूरी होते ही गोरखपुर देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो जाएगा, जहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा सकेंगे।
यह स्टेडियम केवल खेल सुविधा नहीं होगा, बल्कि पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था के लिए भी गेमचेंजर साबित होगा। होटल, ट्रांसपोर्ट, रेस्टोरेंट, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में तेज़ी आएगी। युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
Uttar Pradesh: एयरपोर्ट और रेलवे से बेहतरीन कनेक्टिविटी
ताल नदोर स्थित यह स्टेडियम गोरखपुर एयरपोर्ट से लगभग 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किलोमीटर दूर है। फोरलेन हाईवे से जुड़ाव के कारण खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना बेहद आसान होगा।
जिलाधिकारी ने बताया विकास का नया मॉडलदीपक मीणा के अनुसार, इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने से गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर बहुआयामी विकास का नया मॉडल विकसित होगा। आसपास पशु चिकित्सा महाविद्यालय और वृहद कान्हा गोशाला जैसी परियोजनाएं पहले से चल रही हैं, जिससे पूरा क्षेत्र तेजी से विकसित होगा।
पूर्वांचल को मिलेगा अपना क्रिकेट मंदिर
अब तक उत्तर प्रदेश में कानपुर और लखनऊ में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मौजूद हैं, जबकि वाराणसी में नया स्टेडियम बन रहा है। गोरखपुर में यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों का सपना भी साकार हो जाएगा।योगी सरकार का बड़ा विजनमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह ड्रीम प्रोजेक्ट गोरखपुर को केवल धार्मिक और सांस्कृतिक शहर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल नगरी के रूप में भी स्थापित करेगा। आने वाले वर्षों में यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की गूंज सुनाई देगी और गोरखपुर विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स मैप पर चमकेगा।
ये भी पढ़े: क्या अब इलेक्ट्रिक होगी आपकी उबर राइड? सरकार के बड़े प्लान से बदल सकती है देश की सवारी और ऑटो इंडस्ट्री








