Twisha Husband Arrest: भोपाल की मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma) की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर करने की कोशिश की, जहां पहले से मौजूद भोपाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस समर्थ को अपने साथ भोपाल लेकर रवाना हो गई। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कोर्ट परिसर में भारी गहमागहमी रही और मीडिया कर्मियों ने समर्थ से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
जबलपुर कोर्ट से गिरफ्तार हुआ समर्थ सिंह
ट्विशा शर्मा की मौत मामले में लगातार बढ़ते दबाव के बीच समर्थ सिंह (Samarth Singh) शुक्रवार को जबलपुर जिला अदालत पहुंचा था। जैसे ही वह कोर्ट परिसर में पहुंचा, भोपाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी पहचान छिपाने के लिए कोर्ट परिसर में ही उसके कपड़े बदलवाए। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उसे भोपाल के लिए रवाना किया गया। ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि मायके वालों ने पति समर्थ सिंह और अन्य ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
Twisha Husband Arrest: वायरल चैट ने बढ़ाया मामला
मामले में ट्विशा शर्मा की एक कथित व्हॉट्सऐप चैट भी सामने आई है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। वायरल चैट में ट्विशा ने अपनी मां को लिखा था कि उसे घुटन महसूस हो रही है और ससुराल वाले उसे न हंसने दे रहे हैं और न ही रोने की वजह दे रहे हैं। इसी बीच बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने भी कड़ा कदम उठाते हुए समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बीसीआई चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी किए।
दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट के आदेश के अनुसार दिल्ली एम्स के डायरेक्टर के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम भोपाल एम्स में पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। जब तक जांच प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक शव को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजकर सहमति दे दी है।
Twisha Husband Arrest: जमानत रद्द करने की मांग तेज
ट्विशा मामले में सरकार ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रिटायर्ड जज और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को मिली जमानत रद्द करने की मांग की है। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इसे डिवीजन बेंच को भेज दिया। समर्थ सिंह के वकील जयदीप कौरव ने बताया कि समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली गई है। कोर्ट ने मामले में नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और अगली सुनवाई 25 मई को तय की गई है।







