Home » उत्तर प्रदेश » गाजीपुर में बड़ा हादसा: 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलटी यात्रियों से भरी बस, एक की मौत

गाजीपुर में बड़ा हादसा: 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलटी यात्रियों से भरी बस, एक की मौत

Gazipur accident: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा ईदगाह के पास यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस करीब 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में फंसे लोग जान बचाने के लिए चीख-पुकार करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई लोग बस की खिड़कियों से निकलकर बाहर आए, जबकि कुछ यात्रियों को ग्रामीणों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला।

जाम से बचने की कोशिश बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार यह बस शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गाजीपुर रौजा बस स्टैंड से बलिया जिले के भरौली के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। भरौली के पास बिहार का बक्सर बॉर्डर पड़ता है। बताया जा रहा है कि गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे 31 पर भारी जाम लगा हुआ था। जाम से निकलने के लिए चालक बस को बैक कर दूसरे रास्ते से निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने पानी भरे गहरे गड्ढे में चला गया और पूरी बस पलट गई।

Gazipur accident: ग्रामीणों ने बचाई कई लोगों की जान

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं एक यात्री की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि पानी में डूबे एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है।

2 घंटे तक हाईवे पर लगा रहा लंबा जाम

Gazipur accident: हादसे के बाद गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे 31 पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मोहम्मदाबाद एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर समेत मोहम्मदाबाद और भांवरकोल थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

 

ये भी पढ़ें:  IAS माता-पिता के बच्चों को क्यों चाहिए आरक्षण? सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी ने छेड़ी नई बहस

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments