Meerut News: मेरठ जिले के दौराला थाना क्षेत्र के मवीमीरा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के बाहर रास्ते पर पशु अवशेषों से भरा प्लास्टिक बैग मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। संवेदनशील मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि कुछ ही घंटों में सीसीटीवी फुटेज ने पूरे घटनाक्रम की सच्चाई उजागर कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि सूचना देने वाले व्यक्ति ने ही बैग को दूसरी जगह से उठाकर अपने घर के सामने रखा था और बाद में पुलिस को सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
गांव निवासी पुनीत ने डायल-112 पर कॉल कर बताया कि उसके घर के बाहर पशु अवशेषों से भरा बैग पड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बैग को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने बैग में मिले अवशेषों को नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि गांव का एक व्यक्ति पशुओं की कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को एकत्र कर उन्हें निर्धारित स्थान तक पहुंचाने का काम करता है। इसी दौरान उसकी साइकिल एक किशोर चला रहा था और रास्ते में अवशेषों से भरा एक बैग अनजाने में सड़क पर गिर गया। किशोर को इसकी जानकारी नहीं हुई और वह आगे बढ़ गया। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया।
पुलिस को मिली दूसरी फुटेज में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता ने सड़क पर पड़े उसी बैग को उठाकर अपने घर के सामने रख दिया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना देकर मामले को संवेदनशील रूप देने की कोशिश की। जांच में तथ्य स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने इसे भ्रामक सूचना और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास माना है।
Meerut News: झूठी सूचना पर होगी कार्रवाई
वहीम इस मामले में एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि सीसीटीवी जांच में साफ हो गया है कि बैग को दूसरी जगह से उठाकर घर के सामने रखा गया था। प्रारंभिक जांच में झूठी सूचना देकर माहौल खराब करने की कोशिश सामने आई है। पुलिस संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है और विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।








