Home » मध्य प्रदेश » भोपाल में शादी समारोह में पहुंचे CEC ज्ञानेश कुमार संग कांग्रेस नेता अजय सिंह की तस्वीर ने बढ़ाई चर्चा

भोपाल में शादी समारोह में पहुंचे CEC ज्ञानेश कुमार संग कांग्रेस नेता अजय सिंह की तस्वीर ने बढ़ाई चर्चा

Mp News

Mp News:मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का निजी दौरा राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, ज्ञानेश कुमार अपने भांजे और मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के डीजी उपेंद्र जैन के बेटे की शादी में शामिल होने भोपाल पहुंचे थे। इसी समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय सिंह राहुल की उनके साथ मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब कांग्रेस लगातार ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठा रही है।

दो दिन भोपाल में रहे मुख्य निर्वाचन आयुक्त

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिन के निजी दौरे पर भोपाल में थे। वह अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार सुबह वह भोपाल से दिल्ली रवाना हो गए। उनके दौरे की जानकारी कांग्रेस नेताओं को काफी देर बाद मिली। इसके बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू की।

Mp News: अजय सिंह के साथ मुलाकात की तस्वीर वायरल

मंगलवार को विवाह समारोह के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल की ज्ञानेश कुमार से मुलाकात हुई। दोनों की साथ में एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस तस्वीर की सत्यता को लेकर पत्रिका ने भी पुष्टि नहीं की है।

कांग्रेस को 10 घंटे बाद मिली दौरे की जानकारी

रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार शाम करीब चार बजे कांग्रेस नेताओं को ज्ञानेश कुमार के भोपाल आने की जानकारी मिली। इसके बाद युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे। कार्यकर्ता पहले उस होटल पहुंचे, जहां ज्ञानेश कुमार के ठहरने की जानकारी थी। वहां से उनके रवाना होने का पता चलने पर कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन तब तक वह दिल्ली जा चुके थे।

Mp News: पीसीसी के बाहर कांग्रेस ने जलाया पुतला

ज्ञानेश कुमार के भोपाल से रवाना होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) के सामने उनका पुतला जलाकर विरोध जताया। इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल नहीं हो सके। प्रदर्शन को लेकर पार्टी की ओर से उनके पहुंचने की सूचना दी गई थी, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे।

कांग्रेस नेताओं ने उठाए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल

कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि ज्ञानेश कुमार निजी कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल आए थे। अगर पार्टी को उनके दौरे की जानकारी पहले मिल जाती तो उन्हें भोपाल में प्रवेश नहीं करने दिया जाता। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया। वहीं, अजय सिंह और ज्ञानेश कुमार की तस्वीर सामने आने के बाद कांग्रेस समर्थकों के बीच भी इस मुलाकात को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ये भी पढ़ें…महिला आरक्षण बिल पर मोदी सरकार फिर एक्टिव, कैबिनेट बैठक में होगा मंथन