Home » राष्ट्रीय » क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का मामला? RSS के पहले रिएक्शन से मची खलबली!

क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का मामला? RSS के पहले रिएक्शन से मची खलबली!

RSS NEWS: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में सभी विचारों और भावनाओं को समाहित करने की क्षमता है और देश के युवाओं, खासकर जेन-Z, को भारत के लोकतांत्रिक ढांचे पर पूरा भरोसा है। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आंबेकर ने कहा कि लोकतंत्र में विभिन्न विचारों का सामने आना एक सामान्य प्रक्रिया है और इसे असाधारण घटना की तरह नहीं देखा जाना चाहिए।

“हमारा लोकतंत्र मजबूत है”

आंबेकर ने कहा कि भारत में पारदर्शी चुनावी व्यवस्था, स्वतंत्र मीडिया और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी तरह की चर्चा और अलग-अलग विचारों की अभिव्यक्ति स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, “हमारी जनता की शक्ति और हमारा लोकतंत्र दोनों मजबूत हैं। भारतीय लोकतंत्र में हर आवाज और भावना को स्थान देने की क्षमता है और लोगों को इस पर विश्वास रखना चाहिए।”

RSS NEWS: जेन-Z को देश पर भरोसा

आरएसएस नेता ने कहा कि भारत का जेन-Z वर्ग बेहद आशावादी है और उसे देश के भविष्य पर पूरा भरोसा है। उनके अनुसार युवा संवैधानिक व्यवस्था के भीतर रहकर अपनी बात रखते हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में विश्वास करते हैं। आंबेकर ने कहा, “लोकतंत्र में कई मुद्दे उठते हैं, लेकिन उन्हें सुलझाने के लिए भी लोकतांत्रिक तरीके मौजूद हैं।”

पाकिस्तान से संवाद पर भी रखी बात

आरएसएस सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के भारत-पाकिस्तान संवाद संबंधी बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में आंबेकर ने कहा कि संघ हमेशा मानता रहा है कि लोगों के बीच संवाद से समस्याओं का समाधान निकल सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारों के बीच बातचीत राजनीतिक और कूटनीतिक विषय है, लेकिन लोगों के स्तर पर संवाद और संपर्क बने रहना चाहिए ताकि आपसी रिश्ते बेहतर हो सकें और समय के साथ समस्याओं का समाधान निकल सके।

RSS NEWS: विभाजन पर दोहराया संघ का रुख

आंबेकर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हमेशा से भारत के विभाजन का विरोध करता रहा है। उन्होंने कहा कि संघ का मानना है कि यदि उस समय संगठन अधिक मजबूत स्थिति में होता तो देश का विभाजन टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि संघ आज भी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के विचार के प्रति प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़े… क्या इजरायल को मान्यता देगा पाकिस्तान? इशाक डार से सवाल पर आया चौंकाने वाला जवाब

Leave a Comment