DELHI NEWS: दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम एक पांच मंजिला इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें मलबे से 9 लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में दो व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
दो व्यक्ति की मौत, आठ घायल
अधिकारियों के अनुसार, सात लोगों को दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीम ने मलबे से सुरक्षित निकाला। वहीं, दो लोगों को स्थानीय लोगों ने बचाया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायलों में तरुण कुमार, साइका खान, नीलम यादव, आदित्य शर्मा, क्षितिज प्रताप, अनुज दीक्षित, आस्था और विशाल शामिल हैं। सभी का इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
DELHI NEWS: कैंटीन पर गिरी इमारत
हादसा साकेत मेट्रो स्टेशन के पास वेस्टर्न मार्ग स्थित सैदुलाजब इलाके में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत बगल में स्थित एक टिन शेड वाली कैंटीन पर गिर गई, जहां उस समय कई लोग और बच्चे मौजूद थे। इसके चलते कई लोग मलबे में दब गए।

शाम 7:44 बजे मिली थी सूचना
घटना की सूचना शनिवार शाम 7:44 बजे दिल्ली अग्निशमन सेवा को मिली, जिसके बाद चार दमकल गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। बाद में एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस और एम्बुलेंस सेवाओं को भी राहत कार्य में लगाया गया।
DELHI NEWS: जारी है सर्च ऑपरेशन
रविवार सुबह भी तलाशी और बचाव अभियान जारी रहा। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि कुछ और लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियां इमारत गिरने के कारणों की जांच कर रही हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास की इमारतों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।
ये भी पढ़े… रविदास मेहरोत्रा का बड़ा हमला: घुसपैठियों के लिए केंद्र जिम्मेदार, BJP मुद्दे से भटका रही जनता








