UP NEWS: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने हरदोई से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश (Shyam Prakash) के चुनाव संबंधी बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधायक ने खुद स्वीकार कर लिया है कि चुनाव विकास नहीं, बल्कि “तिकड़म” से जीते जाते हैं।
सोशल मीडिया पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विधायक का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “भाजपा में जो जितना बेईमान, वो बैठा है उतनी ऊंची मचान।” उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक के बयान ने कथित तौर पर भाजपा की चुनावी राजनीति की सच्चाई उजागर कर दी है। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए लिखा कि विधायक ने भाजपा की “भ्रष्ट राजनीति का एनकाउंटर” कर दिया है और उस पर “बुलडोजर” भी चला दिया है।
UP NEWS: क्या था विधायक का बयान?
जानकारी के मुताबिक हरदोई के टड़ियावां ब्लॉक में ग्राम प्रधानों के सम्मान समारोह के दौरान श्याम प्रकाश ने मंच से कहा था कि “विकास से कोई वोट नहीं मिलता, चुनाव तिकड़म से जीता जाता है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अगले चुनाव की तैयारी करने और हर संभव रणनीति अपनाने की बात भी कही थी। विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद विपक्ष को भाजपा पर हमला बोलने का मौका मिल गया।
चुनावी माहौल में बढ़ी सियासी गर्मी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब एक वर्ष से भी कम समय बचा है। ऐसे में भाजपा विधायक के बयान ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। विपक्ष इसे भाजपा की चुनावी कार्यशैली का प्रमाण बता रहा है, जबकि पार्टी की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
UP NEWS: कार्रवाई होगी या बचाव?
अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि अब देखना होगा कि भाजपा अपने विधायक के बयान पर क्या रुख अपनाती है। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि यह तय होना बाकी है कि विधायक पर कार्रवाई होगी या उन्हें और बड़ा राजनीतिक पुरस्कार मिलेगा। फिलहाल, श्याम प्रकाश के बयान और उस पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
ये भी पढ़े… अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद राहुल गांधी का ममता को फोन, बोले- ‘जरूरत पड़ी तो हम साथ हैं








