Israel Lebanon Conflict: इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट किले और आसपास की पहाड़ियों पर कब्जा कर लिया है। रविवार को जारी तस्वीरों और वीडियो में किले पर इजराइली झंडा लहराता दिखाई दिया। इजराइली रक्षा मंत्री Israel Katz ने कहा कि कई दिनों तक चली भीषण लड़ाई और हवाई हमलों के बाद सेना ने यह कार्रवाई पूरी की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 26 वर्षों में लेबनान में इजराइल की यह सबसे बड़ी जमीनी घुसपैठ मानी जा रही है।
रणनीतिक रूप से बेहद अहम है ब्यूफोर्ट किला
करीब 900 साल पुराने ब्यूफोर्ट किले का सैन्य महत्व काफी ज्यादा माना जाता है। 700 मीटर ऊंची पहाड़ी पर बने इस किले से दक्षिणी लेबनान और उत्तरी इजराइल के बड़े हिस्से पर नजर रखी जा सकती है। 1982 से 2000 तक दक्षिणी लेबनान पर इजराइली कब्जे के दौरान यह किला सेना का प्रमुख सैन्य अड्डा था।
Israel Lebanon Conflict: सीजफायर के बावजूद जारी हैं हमले
इजराइल और लेबनान के बीच 17 अप्रैल को संघर्ष विराम का ऐलान हुआ था, लेकिन इसके बावजूद इजराइली हमले जारी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि संभावित अमेरिका-ईरान समझौते से पहले इजराइल Hezbollah को अधिकतम नुकसान पहुंचाना चाहता है।
Israel Lebanon Conflict: नेतन्याहू बोले- अभियान और बढ़ेगा
इजराइली प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने कहा कि सेना को लेबनान में अपने जमीनी अभियान का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इजराइल अब उन इलाकों पर अपनी पकड़ मजबूत करेगा जो पहले हिजबुल्लाह के नियंत्रण में थे। इजराइली सेना लितानी नदी पार कर दक्षिणी लेबनान के अंदर तक पहुंच चुकी है।
होर्मुज और ईरान को लेकर तनाव बरकरार
उधर, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को मार गिराया है। वहीं ओमान ने होर्मुज स्ट्रेट में संदिग्ध समुद्री बारूदी सुरंग दिखाई देने की चेतावनी जारी की है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा कि अमेरिका ने जानबूझकर ईरानी सेना के खिलाफ सीमित कार्रवाई की, ताकि क्षेत्र पूरी तरह तबाह न हो।
ईरान बोला- भरोसे के बिना नहीं होगा समझौता
ईरान की संसद के स्पीकर Mohammad Bagher Ghalibaf ने कहा कि जब तक ईरानी जनता के अधिकार सुरक्षित होने की गारंटी नहीं मिलेगी, तब तक अमेरिका के साथ किसी भी समझौते को मंजूरी नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि तेहरान को अब भी अमेरिका के वादों पर भरोसा नहीं है।
यह भी पढे़ : आईपीएल फाइनल से पहले आरसीबी और जीटी के समर्थन में देशभर में विशेष पूजा








