Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। सरकार ने 17 वर्षीय सूर्या चौहान के परिजनों को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। इस बीच मामले के मुख्य आरोपी असद को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया है।
पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुनील शर्मा उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया और सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
सरकार ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
जानकारी के मुताबिक, खोड़ा क्षेत्र में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद प्रदेश सरकार ने परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। सरकार का कहना है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
Ghaziabad Murder Case: मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर
इस मामले के मुख्य आरोपी असद को गाजियाबाद पुलिस ने इंदिरापुरम इलाके में हुई मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। हालांकि मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
परिवार ने बुलडोजर कार्रवाई की मांग की
सूर्या चौहान की मां सरोज ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि असद और उसके साथियों के घरों पर भी बुलडोजर चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की जिस तरह हत्या की गई, दोषियों को भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
Ghaziabad Murder Case: बकरीद के दिन हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 28 मई को खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में बकरीद के दिन असद और उसके साथियों ने कथित तौर पर सूर्या चौहान की हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया था। अब मुख्य आरोपी के मारे जाने के बाद पुलिस फरार सहयोगियों की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़े…IPL 2026: आईपीएल फाइनल से पहले आरसीबी और जीटी के समर्थन में देशभर में विशेष पूजा








