YOGI BABA NEWS: विश्व पर्यावरण दिवस से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं और बच्चों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्ष केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन, स्वास्थ्य, ज्ञान और लोककल्याण के प्रतीक माने गए हैं।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 5 जून को मनाया जाने वाला विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी साझी कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में वृक्षों, नदियों, पर्वतों और जीव-जंतुओं की पूजा की जाती रही है तथा वेदों में प्रकृति की आराधना को ईश्वर की उपासना के समान माना गया है।
YOGI BABA NEWS: प्रकृति संरक्षण को बताया ‘देव ऋण’ चुकाने का माध्यम
सीएम योगी ने कहा कि सनातन संस्कृति में वर्णित देव ऋण, ऋषि ऋण और पितृ ऋण में देव ऋण का सीधा संबंध प्रकृति से है। जल, वन, भूमि और संपूर्ण सृष्टि का संरक्षण ही इस ऋण से उऋण होने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि वट सावित्री व्रत, छठ और महाकुंभ जैसे पर्व प्रकृति और संस्कृति के गहरे संबंधों को दर्शाते हैं।
जल और वृक्ष संरक्षण की आवश्यकता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण, वृक्षारोपण और नदियों के पुनर्जीवन का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा, “जल है तो हम हैं” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन का मूल आधार है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में शेखा झील पक्षी अभयारण्य को शामिल किए जाने के बाद रामसर स्थलों की संख्या 12 हो गई है, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रदेश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
YOGI BABA NEWS: युवाओं को बनाया परिवर्तन का आधार
सीएम योगी ने युवाओं से जल संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण और नदियों के संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और भागीदारी ही हरित, स्वच्छ और समृद्ध उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है।
बच्चों से की विशेष अपील
मुख्यमंत्री ने बच्चों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने जन्मदिन या किसी विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत छोटी-छोटी आदतों से होती है, जो भविष्य में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।
YOGI BABA NEWS: विश्व पर्यावरण दिवस पर लें संकल्प
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रकृति संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और वृक्षों की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, स्वच्छ और समृद्ध पर्यावरण ही विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की मजबूत नींव है।
ये भी पढ़े… ढोल की थाप पर थिरके विराट-क्रुणाल, IPL ट्रॉफी जीतते ही RCB ड्रेसिंग रूम में छाया जश्न का रंग







