Home » Breaking News » ढोल की थाप पर थिरके विराट-क्रुणाल, IPL ट्रॉफी जीतते ही RCB ड्रेसिंग रूम में छाया जश्न का रंग

ढोल की थाप पर थिरके विराट-क्रुणाल, IPL ट्रॉफी जीतते ही RCB ड्रेसिंग रूम में छाया जश्न का रंग

IPL 2026: आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के ड्रेसिंग रूम में जमकर जश्न देखने को मिला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के बाद खिलाड़ियों ने ढोल की थाप पर जीत का जश्न मनाया।

ढोल पर थिरके विराट और क्रुणाल

आरसीबी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ढोल की धुन पर जमकर नाचते नजर आए। क्रुणाल पांड्या के हाथ में आईपीएल ट्रॉफी भी दिखाई दी। टीम के कप्तान रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, रसिख सलाम और अन्य खिलाड़ियों ने भी ड्रेसिंग रूम में जीत का उत्सव मनाया।

IPL 2026: अनुष्का शर्मा भी बनीं जश्न का हिस्सा

टीम की जीत के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री और विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा भी खिलाड़ियों के साथ जश्न में शामिल हुईं। वायरल वीडियो में अनुष्का और विराट साथ में डांस करते नजर आए। वहीं विराट कोहली ने कप्तान रजत पाटीदार और टीम के मेंटर दिनेश कार्तिक के साथ भी जीत का जश्न साझा किया।

गेंदबाजों ने रखी जीत की नींव

फाइनल मुकाबले में आरसीबी के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 20 ओवर में 155 रन पर रोक दिया। गुजरात की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। आरसीबी के लिए रसिख सलाम ने 27 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

IPL 2026: विराट की दमदार पारी से आसान हुई जीत

156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। विराट कोहली ने 42 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कोहली ने वेंकटेश अय्यर के साथ पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 62 रन की तेज साझेदारी की। अय्यर ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने 24 रन का योगदान दिया।

लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी RCB

इस जीत के साथ आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टीम के खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और प्रशंसकों के लिए यह जीत यादगार बन गई, जिसका जश्न ड्रेसिंग रूम से लेकर सोशल मीडिया तक देखने को मिला।

ये भी पढ़े… मथुरा की सड़कों पर मौत का तांडव! ग्रामीणों ने खोली सिस्टम की पोल, किसके संरक्षण में दौड़ रहे संदिग्ध ट्रक?