Delhi AC Blast Fire: दिल्ली की भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर AC ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट ने दहशत फैला दी। इस बार आग की घटना ITO इलाके में स्थित मशहूर शैक्षणिक संस्थान School of Planning and Architecture में हुई, जहां अचानक दूसरी मंजिल पर लगे AC से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले AC में स्पार्किंग हुई, फिर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और कुछ ही मिनटों में आग की लपटें खिड़कियों से बाहर दिखाई देने लगीं। घटना के बाद पूरे कैंपस में अफरा-तफरी मच गई।
फैकल्टी रूम से उठीं लपटें, पूरे फ्लोर में फैला धुआं
जानकारी के अनुसार, जिस मंजिल पर आग लगी वहां फैकल्टी रूम, केबिन और ऑफिस बने हुए हैं। AC से निकली चिंगारी ने कमरे के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।तेज गर्मी और हवाओं की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते तीन कमरों में आग फैल गई और धुएं का गुबार पूरे भवन में भर गया। हालात इतने खराब हो गए कि कुछ देर के लिए कैंपस में मौजूद छात्र और कर्मचारी दहशत में बाहर की ओर भागने लगे।
Delhi AC Blast Fire: 50 मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी ऊंचाई पर थी कि फायर कर्मियों को स्काई लिफ्ट का इस्तेमाल करना पड़ा।बालकनी और खिड़कियों के जरिए पानी की तेज बौछारें छोड़ी गईं। करीब 50 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।राहत की बात यह रही कि समय रहते छात्रों और फैकल्टी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
Delhi AC Blast Fire: दिल्ली में लगातार बढ़ रहे AC ब्लास्ट के मामले
बताया जा रहा है कि जिन कमरों में आग लगी वहां कई महत्वपूर्ण ऑफिस और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। शुरुआती आशंका है कि आग में कई अहम फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए होंगे।फायर विभाग अब आग लगने के सही कारणों की जांच कर रहा है, हालांकि शुरुआती जांच में AC में स्पार्किंग को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।राजधानी में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच AC ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं तेजी से सामने आ रही हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि लगातार ओवरलोड, खराब वायरिंग और समय पर सर्विस न होने की वजह से AC आग का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं।
लोगों को सलाह दी गई है कि
- पुराने AC की नियमित सर्विस कराएं
- ओवरलोडेड एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल न करें
- वायरिंग की जांच समय-समय पर कराते रहें
- घर या ऑफिस छोड़ते समय AC बंद रखें
दिल्ली में हर साल गर्मी के दौरान AC ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट से आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग लापरवाही बरतते हैं। अगर इस बार समय रहते बिल्डिंग खाली नहीं कराई जाती, तो हादसा बेहद भयावह हो सकता था।
ये भी पढ़े: एमपी में फिर बढ़े कमर्शियल गैस के दाम, तीन महीने में 1300 रुपए तक महंगा हुआ सिलेंडर








