Cockroach Janta Part: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को भारत लौटने वाले हैं। भारत आने के बाद वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में उनकी मुख्य मांग शिक्षा मंत्री का इस्तीफा होगा। यह जानकारी उन्होंने अपने X (पूर्व Twitter) अकाउंट ‘कॉकरोच इज बैक’ के जरिए साझा की है।
कॉकरोच जनता पार्टी क्या है?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक सोशल मीडिया आधारित प्लेटफॉर्म है, जो भारत के चीफ जस्टिस की हाल की “कॉकरोच टिप्पणी” के बाद चर्चा में आया था। इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
30 वर्षीय अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। फिलहाल वे अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन में मास्टर्स कर रहे हैं।

Cockroach Janta Part: AAP में काम का अनुभव
अभिजीत 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी (AAP) के सोशल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट रह चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान वे पार्टी के लिए मीम्स और ऑनलाइन वायरल कैंपेन तैयार करते थे।
उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने निजी जीवन और आर्थिक स्थिरता के कारण AAP छोड़ दी और आगे की पढ़ाई के लिए बोस्टन यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। इसके बाद वे अमेरिका चले गए।वे X पर किसान आंदोलन और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं।
CJP का X अकाउंट और कानूनी मामला
दिल्ली हाईकोर्ट ने 29 मई को कॉकरोच जनता पार्टी के X अकाउंट से बैन हटाने से इनकार कर दिया था। कोर्ट ने सरकार और X को 4 हफ्तों में जवाब देने के लिए कहा है। इस मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को होगी।
अभिजीत ने इस ब्लॉकिंग को चुनौती दी है। उनका कहना है कि सरकार को केवल आपत्तिजनक पोस्ट हटानी चाहिए थी, पूरा अकाउंट बंद करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पहले भी अदालतें राहत दे चुकी हैं।
कोर्ट की टिप्पणी
कोर्ट ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि अकाउंट को क्यों ब्लॉक किया गया है। याचिकाकर्ता और कोर्ट दोनों के पास पूरा ब्लॉकिंग ऑर्डर मौजूद नहीं है। इसलिए सिर्फ नोटिस जारी किया जा सकता है। कोर्ट ने यह भी कहा कि पुराने मामलों से इसकी तुलना नहीं की जा सकती, क्योंकि यहां पूरे अकाउंट पर सवाल उठाया गया है।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि इंटरमीडियरी (X) याचिकाकर्ता का समर्थन करता दिख रहा है। सरकार का पक्ष सुने बिना कोई आदेश नहीं दिया जाना चाहिए। जरूरत पड़ने पर पूरा रिकॉर्ड कोर्ट के सामने रखा जा सकता है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर ब्लॉकिंग
यह अकाउंट राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण ब्लॉक किया गया था। यह कदम इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की रिपोर्ट के आधार पर उठाया गया था। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने IT एक्ट 2000 की धारा 69A के तहत X को अकाउंट ब्लॉक करने का निर्देश दिया।
पुराना X अकाउंट 21 मई को बंद कर दिया गया था, जब उसके 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। इसके बाद संगठन ने नया अकाउंट बनाया, जिसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया। इसके बायो में लिखा है “कॉकरोच डोंट डाय यानी कॉकरोच मरते नहीं।” इस नए अकाउंट के 2 जून तक लगभग 2.40 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं।
सुप्रीम कोर्ट में याचिका
इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई है, जिसमें अभिजीत दिपके को भारत वापस लाने की मांग की गई है। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने 24 मई को CJP से जुड़े मामलों की CBI जांच की मांग पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया।
याचिकाकर्ता के वकील ने कहा था कि CJP न्यायपालिका की छवि खराब कर रही है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने कहा कि इस मामले को भावनात्मक रूप से नहीं देखा जाना चाहिए।
ये भी पढ़े…फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी CID के समन पर नहीं पहुंचे, स्वास्थ्य कारणों से समय मांगा








