Ludhiana Gas Leak: पंजाब के लुधियाना से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया-ए स्थित एक फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव से बाप-बेटे समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से बीमार हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
रात में हुआ हादसा, फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, आरके रोड पर स्थित “दीप टूल” नामक फैक्ट्री में देर रात अचानक जहरीली गैस का रिसाव हो गया। देखते ही देखते गैस पूरे परिसर में फैल गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में तेज जलन होने लगी। कुछ ही देर में पांच मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े।
Ludhiana Gas Leak: बाप-बेटे की एक साथ गई जान
इस हादसे में मान सिंह, उनके बेटे अमित और श्रीराम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मान सिंह और अमित मशीन के नीचे जमा मिट्टी को ट्रॉली में भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान वे जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दोनों रोज की तरह रात में काम पर गए थे, लेकिन सुबह उनकी मौत की खबर परिवार तक पहुंची।
सुबह परिजनों को मिली हादसे की जानकारी
मृतक मजदूर आमतौर पर देर रात घर लौट आते थे। जब सुबह तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। फैक्ट्री पहुंचने पर उन्हें पता चला कि कुछ मजदूर अस्पताल में भर्ती हैं। बाद में अस्पताल पहुंचने पर तीन लोगों की मौत की जानकारी मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
Ludhiana Gas Leak: फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप
परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे के बाद न तो परिवार वालों को सूचना दी गई और न ही तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। आरोप है कि घटना की सूचना सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच सामने आई। यह भी कहा जा रहा है कि मजदूरों से उनके नियमित काम के बजाय मलबा उठवाया जा रहा था।
सीवेज लाइन की सफाई के दौरान गैस की चपेट में आए मजदूर
अधिकारियों के अनुसार, मजदूरों को फैक्ट्री परिसर में सीवेज लाइन की सफाई के लिए बुलाया गया था। सफाई के दौरान जहरीली गैस निकलने से सभी प्रभावित हो गए। तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
Ludhiana Gas Leak: फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज
लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कथित लापरवाही के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है और किस प्रकार की गैस का रिसाव हुआ था।
सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच
Ludhiana Gas Leak: पुलिस और प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि सीवर सफाई के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण और नियमों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों में खतरनाक कार्यों के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जाएगी।
ये भी पढ़े: ‘नालायक औलादों को समझा लो, वरना सबक सिखाएंगे’, सूर्या हत्याकांड पर सीएम योगी की सख्त चेतावनी








