Home » स्पोर्ट्स » अश्विन ने गिल की बल्लेबाजी को सराहा, बोले- ‘नई टेस्ट टीम को मजबूती देने में निभाएंगे अहम रोल’

अश्विन ने गिल की बल्लेबाजी को सराहा, बोले- ‘नई टेस्ट टीम को मजबूती देने में निभाएंगे अहम रोल’

शुभमन गिल

भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि टेस्ट कप्तान शुभमन गिल आने वाले वर्षों में भारतीय टेस्ट टीम की बल्लेबाजी की अगुवाई कर सकते हैं। अश्विन ने कहा कि अगर गिल लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह भारत की नई टेस्ट टीम को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के पीसीए न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है।

बल्लेबाजी की जमकर तारीफ 

इस मुकाबले से पहले अश्विन ने शुभमन गिल की कप्तानी और बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। अश्विन ने ‘जियोहॉटस्टार’ से कहा कि शुभमन गिल ने इंग्लैंड में शानदार सीरीज खेली। जैसे ही उन्हें कप्तान बनाया गया, वह वहां गए और बल्ले और अपनी कप्तानी दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने मुश्किल हालात में रन बनाए और कप्तानी के दबाव को परिपक्वता के साथ संभाला। इससे उनकी क्लास और लंबी बैटिंग करने की उनकी क्षमता का पता चला। उन्होंने अपनी तकनीक पर कड़ी मेहनत की है, खासकर अपने बैट को पैड के पास रखने में जिससे उन्हें बैट और पैड के बीच का गैप कम करने में मदद मिली। इसी कारण वह घूमती गेंदों के खिलाफ ज्यादा मजबूत हो गए हैं। हालांकि, कप्तान बनने के बाद गिल ने अभी तक घरेलू मैदान पर कोई बड़ी पारी नहीं खेली है, लेकिन अश्विन को भरोसा है कि वह जल्द ही भारत में भी बड़े स्कोर बनाएंगे।

गिल में लंबी पारी खेलने की क्षमता

उन्होंने कहा कि गिल में लंबी पारी खेलने की क्षमता है और वह आने वाले समय में भारतीय टेस्ट बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हो सकते हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच को लेकर अश्विन ने भारतीय स्पिन आक्रमण पर भी अपनी राय दी। रवींद्र जडेजा की अनुपस्थिति में उन्होंने कुलदीप यादव को भारत का मुख्य स्पिन हथियार बताया। अश्विन ने कहा कि कुलदीप इस समय शानदार लय में हैं और उनकी गेंद दोनों दिशाओं में टर्न होती है। घरेलू परिस्थितियों में उनका अनुभव भी टीम के लिए काफी उपयोगी रहेगा। अश्विन ने वॉशिंगटन सुंदर की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। अश्विन के मुताबिक,सुंदर एक सटीक और किफायती गेंदबाज हैं, जो लंबे स्पेल फेंक सकते हैं। इसके साथ ही वह बल्लेबाजी में भी योगदान देने की क्षमता रखते हैं, जिससे टीम को संतुलन मिलता है। अश्विन ने युवा खिलाड़ी हर्ष दुबे को लेकर भी उत्साह जताया।

उन्होंने कहा कि वह यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि टीम प्रबंधन हर्ष दुबे को मौका देता है या नहीं। अश्विन के अनुसार, हर्ष ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल दोनों में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे उनका दावा मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि हर्ष का हालिया प्रदर्शन उन्हें टेस्ट डेब्यू का मजबूत दावेदार बनाता है और अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह खुद उन्हें खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित रहेंगे।

ये भी पढ़े… ‘नीट घोटाले ने बर्बाद कर दी…’ आकांक्षा की आत्महत्या पर क्या बोले राहुल गांधी?