CJP Protest: NEET पेपर लीक समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में हजारों छात्र-युवा शामिल हुए। बड़ी संख्या में अभिभावक और बुजुर्ग भी अपने बच्चों के साथ विरोध जताने पहुंचे। प्रदर्शन का नेतृत्व CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया, जो शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली लौटे और एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचे।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि NEET पेपर लीक, CBSE, CUET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी को लेकर शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की जा रही है।
CJP Protest: अभिजीत दीपके के घर बढ़ाई गई सुरक्षा
इस बीच महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अभिजीत दीपके के निवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार, संभावित भीड़ और सुरक्षा कारणों को देखते हुए उनके घर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पहले जहां एक सुरक्षाकर्मी तैनात था, वहीं अब एक अधिकारी सहित 10 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
CJP Protest: ‘हिट’ लेकर पहुंचे व्यक्ति को बाहर निकाला गया
प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति कॉकरोच मारने वाले उत्पाद ‘हिट’ के साथ जंतर-मंतर पहुंच गया। CJP समर्थकों ने इसका विरोध करते हुए उसे प्रदर्शन स्थल से बाहर कर दिया।

जन आंदोलन से राजनीति तक की चर्चा
कॉकरोच जनता पार्टी भविष्य में राजनीतिक दल का रूप लेगी या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि सोशल मीडिया पर पार्टी को व्यापक समर्थन मिल रहा है। इसी बीच राजनीतिक गलियारों में उन दलों की भी चर्चा हो रही है, जो कभी जन आंदोलनों से निकले और बाद में राजनीतिक पार्टी बनकर सत्ता तक पहुंचे।
यह भी पढे़ : सरकारी नौकरी का झांसा देकर 14 लाख की ठगी! ‘नौकरी दिलाएंगे’ कहकर दो सगे भाइयों पर बड़ा आरोप








