Home » उत्तर प्रदेश » 10 राउंड फायरिंग कर भागा युवक, पुलिस ने घेरा तो सड़क पर किया हंगामा, दरोगा से भी हुई धक्का-मुक्की

10 राउंड फायरिंग कर भागा युवक, पुलिस ने घेरा तो सड़क पर किया हंगामा, दरोगा से भी हुई धक्का-मुक्की

दबंग ने मथुरा में 10 फायर किए, मचा बवाल

Mathura News: मथुरा में एक लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर भाग रहे युवक और पुलिस के एक दरोगा के बीच सड़क पर करीब 30 मिनट तक जबरदस्त हंगामा चलता रहा। जब दरोगा ने उसके हाथ से रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की, तो आरोपी उनसे उलझ गया। वह पुलिसकर्मियों को धक्का देने लगा, ऊंची आवाज में धमकाने लगा और हथियार छुड़ाने नहीं दे रहा था।

पुलिस बार-बार उसे समझाती रही कि रिवॉल्वर नीचे रख दे, क्योंकि गलती से गोली चल सकती है। लेकिन आरोपी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में लिया।यह पूरा घटनाक्रम शहर के पॉश इलाके कृष्णा नगर में हुआ, जहां अक्सर पर्यटकों की भीड़ रहती है। सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।

अखाड़े में की ताबड़तोड़ फायरिंग

इस घटना से पहले आरोपी ने भूतेश्वर अखाड़े के बाहर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से लगातार कई गोलियां चलाई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार रात वह सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार से अखाड़े पहुंचा और कार से उतरते ही फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी से वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और अखाड़े के पहलवान भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

Mathura News:  दबंग ने मथुरा में 10 फायर किए, मचा बवाल
दबंग ने मथुरा में 10 फायर किए, मचा बवाल

हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अपनी स्कॉर्पियो छोड़कर भाग निकला। उसके हाथ में रिवॉल्वर देखकर लोग डर गए और खुद को सुरक्षित जगहों पर छिपाने लगे। पुलिस ने पीछा किया और करीब एक किलोमीटर दूर जाकर उसे पकड़ लिया।

आरोपी के पास से छह खाली कारतूस के खोखे भी बरामद हुए हैं। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र में रात करीब 9 बजे हुई थी।

क्या था पूरा विवाद?

पुलिस के अनुसार, शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सेही निवासी 32 वर्षीय दिनेश वशिष्ठ का गोविंदपुर गोपालपुरा निवासी करन से पहले से विवाद चल रहा था।बताया गया कि दिनेश की एक युवती से दोस्ती थी और दोनों अक्सर साथ रहते थे। युवती का भाई भूतेश्वर अखाड़े में पहलवानी करता है। करन ने युवती के भाई को दिनेश और उसकी बहन के बारे में जानकारी दी और कहा कि वह अपनी बहन को समझाए, क्योंकि इससे परिवार की बदनामी हो रही है।

इसके बाद युवती के भाई ने अपनी बहन को डांटा। जब युवती ने यह बात दिनेश को बताई, तो वह गुस्से में आ गया। उसने करन को फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।

Mathura News: बहस के बाद चली गोलियां

शुक्रवार रात करीब 9 बजे दिनेश अपनी स्कॉर्पियो से भूतेश्वर अखाड़े पहुंचा। यहां उसकी करन से बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दिनेश ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और करीब 10 से 11 राउंड फायरिंग कर दी।

सौभाग्य से इस फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी। लेकिन गोलियों की आवाज सुनते ही अखाड़े में मौजूद लोग डरकर भागने लगे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए और पुलिस को सूचना दे दी।

भीड़ और पुलिस के पहुंचने की आशंका से दिनेश अपनी कार वहीं छोड़कर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनेश का अखाड़े पर पहले से आना-जाना था, हालांकि वह खुद पहलवान नहीं था।

दबंग ने मथुरा में 10 फायर किए, मचा बवाल
दबंग ने मथुरा में 10 फायर किए, मचा बवाल

पुलिस से भी भिड़ गया आरोपी

भूतेश्वर अखाड़े से करीब एक किलोमीटर दूर कृष्णा नगर इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को रोक लिया। लेकिन पकड़े जाने के बाद भी वह शांत नहीं हुआ। वह हाथ में रिवॉल्वर लेकर सड़क के बीचों-बीच खड़ा हो गया।उसकी हरकतों से आसपास मौजूद लोग घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। जब पुलिसकर्मियों ने उससे रिवॉल्वर मांगी, तो वह उन्हें धमकाने लगा और अकड़ दिखाने लगा।

कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार और उपनिरीक्षक मुस्ताक मोहम्मद मेहंदी जब उसे पकड़ने पहुंचे, तो आरोपी उनसे भी उलझ गया। उसने धक्का-मुक्की की और हथियार छीनने नहीं दिया।

आखिरकार पुलिसकर्मियों ने उसे खींचकर सड़क किनारे किया और सख्ती दिखाते हुए रिवॉल्वर अपने कब्जे में ले ली। तलाशी के दौरान उसके पास से खाली कारतूस के खोखे भी बरामद हुए। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी

कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद यह फायरिंग की घटना हुई। वहीं कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर रही है और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच जारी है।

ये भी पढ़ें…661 करोड़ के फंड घोटाले पर सीबीआई का बड़ा एक्शन, 6 ठिकानों पर छापे; कई सरकारी विभाग जांच के घेरे में