Home » Uncategorized » बांग्लादेश में रेप और हत्या मामले में बड़ा फैसला, 19 दिन में दोषी दंपति को मौत की सजा

बांग्लादेश में रेप और हत्या मामले में बड़ा फैसला, 19 दिन में दोषी दंपति को मौत की सजा

Bangladesh news: बांग्लादेश में 8 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप और निर्मम हत्या के मामले में अदालत ने बेहद तेजी से फैसला सुनाते हुए दोषी दंपति को मौत की सजा सुनाई है। इस जघन्य वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। ढाका की एक विशेष अदालत ने घटना के सिर्फ 19 दिनों के भीतर फैसला सुनाकर दोषियों को फांसी की सजा देने का आदेश दिया।

5 दिन की सुनवाई के बाद आया फैसला

ढाका मेट्रोपॉलिटन बाल उत्पीड़न रोकथाम न्यायाधिकरण में इस मामले की सुनवाई हुई। अभियोजन पक्ष के अनुसार, चार्जशीट दाखिल होने के बाद महज पांच दिनों में गवाहों के बयान, जिरह और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गईं। इसे बांग्लादेश के इतिहास में हत्या के किसी मामले का सबसे तेज निपटारा माना जा रहा है।

Bangladesh news:  दोषियों पर लगाया गया भारी जुर्माना

अदालत ने मुख्य आरोपी सोहेल राणा को 5 लाख टका और उसकी पत्नी स्वप्ना खातून को 2 लाख टका जुर्माना भरने का आदेश भी दिया है। न्यायाधीश मसरूर सालेकिन ने कहा कि यह राशि पीड़ित परिवार को दी जाएगी। यदि दोषी जुर्माना नहीं भरते हैं तो उनकी चल-अचल संपत्ति जब्त कर नीलाम की जाएगी।

Bangladesh news: कोई निजी वकील नहीं आया बचाव में

मामले की गंभीरता और देशभर में फैले आक्रोश के कारण कोई भी निजी वकील आरोपी दंपति की पैरवी के लिए आगे नहीं आया। इसके बाद अदालत ने सरकारी वकील नियुक्त किया। बचाव पक्ष ने राणा के लिए उम्रकैद और खातून के लिए कम सजा की मांग की थी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया।

पीड़ित परिवार ने जताया संतोष

फैसले के बाद बच्ची के पिता ने कहा कि वह अदालत के निर्णय से पूरी तरह संतुष्ट हैं और चाहते हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द फांसी दी जाए। हालांकि बांग्लादेश के कानून के अनुसार मौत की सजा को लागू करने से पहले हाई कोर्ट की मंजूरी जरूरी होती है। अटॉर्नी जनरल रूहूल कुद्दुस काजल ने कहा है कि रिकॉर्ड मिलते ही हाई कोर्ट में त्वरित सुनवाई की मांग की जाएगी।

क्या था पूरा मामला?

Bangladesh news: पुलिस ने 19 मई को ढाका के पल्लबी इलाके में स्थित आरोपी दंपति के फ्लैट से बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद किया था। जांच में सामने आया कि बच्ची की हत्या के बाद आरोपी सोहेल राणा ने शव के कई टुकड़े कर दिए थे। घटना के बाद उसकी पत्नी स्वप्ना खातून को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि राणा को बाद में नारायणगंज के फतुल्लाह इलाके से पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान राणा ने अदालत में अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया था।

 

 

ये भी पढ़ें: Khan Sir की कोचिंग पर फायर विभाग की नजर, जांच में मिलीं कई बड़ी खामियां