MP NEWS: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीसरे उम्मीदवार महेश केवट ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इसके साथ ही राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। भाजपा ने तीनों सीटों पर जीत का दावा करते हुए अपने प्रत्याशियों की सफलता को लेकर भरोसा जताया है।
18 जून को होगा मतदान
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। चुनावी मैदान में कुल चार उम्मीदवार हैं। भाजपा ने तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी नटराजन चुनाव लड़ रही हैं।
MP NEWS: नामांकन से पहले किया पूजन-अर्चन
नामांकन दाखिल करने से पहले महेश केवट ने भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने पार्टी के संस्थापक नेताओं पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया। इस दौरान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मोहन यादव ने जताया जीत का भरोसा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने तीनों रिक्त सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और पार्टी के सभी प्रत्याशी विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा निषादराज को सम्मान दिए जाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने महेश केवट को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है, जो सामाजिक समरसता का संदेश है।
MP NEWS: प्रदेश अध्यक्ष बोले- पर्याप्त संख्या बल हमारे पास
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल मौजूद है और तीनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है।
पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
नामांकन के बाद महेश केवट ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाना भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित कार्य संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
MP NEWS: राजनीतिक गतिविधियां हुईं तेज
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब सभी की नजरें 18 जून को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हैं।
ये भी पढ़े… नए भारत के निर्माण का फॉर्मूला! 12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी का बड़ा बयान








