Home » राष्ट्रीय » यूपी पुलिस परीक्षा के बाद पत्नी के भाई ने पति को गोली मारी

यूपी पुलिस परीक्षा के बाद पत्नी के भाई ने पति को गोली मारी

Up News

Up News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रेम विवाह के चार महीने बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक के साले ने अपने मामा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब युवक अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाकर वापस घर लौट रहा था। हत्या की वजह प्रेम विवाह को लेकर परिवार की नाराजगी बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

परीक्षा केंद्र के बाहर हुआ विवाद

मृतक की पहचान शामली जिले के खेड़ी बैरागी निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है। शिव कुमार ने परास्नातक और विधि की पढ़ाई की थी तथा हाल ही में सुरक्षा बल में नौकरी का नियुक्ति पत्र भी प्राप्त किया था। मंगलवार को वह अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित परीक्षा केंद्र लेकर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों कार से घर लौट रहे थे, तभी आकांक्षा का भाई और उसका मामा वहां पहुंच गए।

Up News: बहन को साथ ले जाने को लेकर बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी बहन से घर चलने के लिए कहा, लेकिन उसने पति के साथ जाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर तमंचा निकालकर शिव कुमार की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रेम विवाह से नाराज था परिवार

मृतक की पत्नी आकांक्षा ने बताया कि दोनों ने चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से उसके परिवार के लोग इस रिश्ते से नाराज थे और उसके पति को लगातार धमकियां दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

ये भी पढ़ें…Bengal Politics: टीएमसी में बगावत, ममता बनर्जी पर बढ़ा दबाव