Mp news: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने पत्नी को ज्यादा मोबाइल इस्तेमाल करने से टोका तो नाराज पत्नी ने अपने भाइयों को ससुराल बुला लिया। इसके बाद पति, उसके बड़े भाई और मां के साथ मारपीट की गई। इस घटना में सास का एक दांत भी टूट गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित रुद्रपुरा गांव निवासी लवकुश कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी शिल्पी कुशवाहा दिनभर मोबाइल फोन में व्यस्त रहती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी हो चुकी थी। लवकुश का आरोप है कि 8 जून को भी पत्नी मोबाइल चला रही थीं। जब उन्होंने मोबाइल के अधिक इस्तेमाल को लेकर आपत्ति जताई तो दोनों के बीच विवाद हो गया। बाद में मामला शांत हो गया, लेकिन पत्नी ने अपने मायके में फोन कर पूरी घटना की जानकारी दे दी।
Mp news: आधी रात को पहुंचे साले, घर में मचा हंगामा
पीड़ित के मुताबिक, उसी रात करीब 12:30 बजे पत्नी का भाई शिवम कुशवाह अपने साथी अरुण कुशवाह के साथ उनके घर पहुंचा। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। आरोप है कि दोनों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लवकुश, उनके बड़े भाई नरेश कुशवाह तथा मां उर्मिला कुशवाह के साथ मारपीट की।
Mp news: सास का टूटा दांत
परिजनों का कहना है कि जब उर्मिला कुशवाह अपने बेटों को बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि बहू ने सास के मुंह पर मुक्का मारा, जिससे उनका एक दांत टूट गया। घटना के दौरान घर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।
जान से मारने की धमकी का आरोप
लवकुश ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उनकी बहन को मोबाइल इस्तेमाल करने या फोन पर बात करने से रोका गया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह विवाद को शांत कराया। इसके बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
Mp news: मामले को लेकर सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि पति की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: ओडिशा में 755 नए डॉक्टरों और शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी, मेडिकल सेवाएं होंगी मजबूत








