Home » मध्य प्रदेश » शादी, ठगी और 10 निकाह का दावा! पति के गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप, 5 लाख की मांग का भी आरोप

शादी, ठगी और 10 निकाह का दावा! पति के गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप, 5 लाख की मांग का भी आरोप

MP NEWS: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शादी के महज दो महीने बाद पति-पत्नी का विवाद गंभीर आरोपों तक पहुंच गया है। बिजौली थाना क्षेत्र के मुगुलपुरा निवासी राहुल जाटव ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी पत्नी, सास, साली और एक पुलिस आरक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह से जुड़ी है और वह अब उससे पांच लाख रुपये की मांग कर रही है।

शादी के बाद जेवर चोरी कराने का आरोप

शिकायतकर्ता राहुल जाटव ने बताया कि उसकी शादी 14 अप्रैल 2026 को शिवपुरी निवासी राखी जाटव से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद पत्नी की गतिविधियां संदिग्ध लगने लगीं। राहुल का आरोप है कि पत्नी ने अपने रिश्तेदारों की मदद से घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी करवा दिए।

MP NEWS: ’10 शादियां कर चुकी, अब पांच लाख की मांग’

राहुल का दावा है कि उसकी पत्नी पहले भी कई शादियां कर चुकी है और शादी के नाम पर लोगों से ठगी करती रही है। उसने आरोप लगाया कि अब पत्नी उस पर पांच लाख रुपये देने का दबाव बना रही है। रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी जा रही है।

हथियारों के साथ फोटो और धमकी का आरोप

युवक ने पुलिस को कुछ फोटो और वीडियो भी सौंपे हैं। उसका कहना है कि पत्नी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें और स्टेटस साझा कर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश करती है। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि उसे लगातार अनजान नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

MP NEWS: एसएसपी से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग

राहुल जाटव ने एसएसपी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।

पुलिस करेगी आरोपों की जांच

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक द्वारा लगाए गए सभी आरोपों और प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़े… 20 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं 56 साल के राहुल गांधी, जानिए कि कहां-कहां से हो रही कमाई