AAP Protest: पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित विवादित वीडियो को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शनिवार सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग के घर के बाहर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि झूठी वीडियो वायरल कर मुख्यमंत्री को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तरुण चुग के घर से करीब 300 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बावजूद आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।
AAP Protest: प्रदर्शन में कई मंत्री और विधायक रहे मौजूद-
प्रदर्शन के दौरान कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक डॉ. अजय गुप्ता, विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, विधायक जीवनजोत कौर, विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, मेयर जतिंदर सिंह भाटिया, लोकसभा इंचार्ज जरनैल ढोट, जिला शहरी प्रधान सरबजोत सिंह धंजन और पूर्व प्रधान प्रभजीत बराड़ समेत कई नेता मौजूद रहे। वहीं, लुधियाना में पार्क प्लाजा होटल के पास भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शिरोमणि अकाली दल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
AAP Protest: क्या है यह पूरा मामला-
दरअसल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति को सिख गुरुओं के चित्रों पर कथित तौर पर शराब छिड़कते हुए दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति भगवंत मान हैं।
हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इस वीडियो को फर्जी और भ्रामक बताते हुए इसे मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की साजिश करार दिया है। वहीं, इस विवाद को लेकर अकाल तख्त ने भगवंत मान को गुरुद्रोही और पंथ विरोधी घोषित किया है।
विवाद पर सियासत तेज-
वीडियो को लेकर पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। एक ओर आम आदमी पार्टी इसे विपक्ष की साजिश बता रही है, तो दूसरी ओर विपक्षी दल मुख्यमंत्री से जवाब मांग रहे हैं। मामले को लेकर राज्य में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें- टीएमसी नेता जहांगीर खान की पत्नी भारत-नेपाल सीमा पर गिरफ्तार, फरार चल रही थी








